Founder – Mohan Milan

पटना में आज सम्राट कैबिनेट विस्तार, मोदी का रोड शो

पटना,अंग भारत। बिहार की राजधानी पटना आज बड़े राजनीतिक आयोजन की गवाह बनने जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल विस्तार का शपथ ग्रहण समारोह ऐतिहासिक गांधी मैदान में दोपहर 12:10 बजे आयोजित होगा। समारोह को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खास बात यह है कि शपथ ग्रहण से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पटना एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक मेगा रोड शो करेंगे, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

Read more………..बिहार मंत्रिमंडल विस्तार 7 मई, गांधी मैदान में शपथ

पहली बार गांधी मैदान में होगा मंत्रिमंडल विस्तार

पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की बड़ी जीत के बाद बिहार में होने वाले इस मंत्रिमंडल विस्तार को राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। समारोह में जदयू, भाजपा, लोजपा (रामविलास), हम और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। पहली बार बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार का आयोजन गांधी मैदान जैसे बड़े सार्वजनिक स्थल पर किया जा रहा है।गांधी मैदान में भव्य पंडाल तैयार किया गया है। मौसम को ध्यान में रखते हुए जर्मन हैंगर तकनीक से विशेष मंच बनाया गया है, जहां नए मंत्री शपथ लेंगे। समारोह में पटना समेत आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने की संभावना है। भाजपा और सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक पीएम मोदी का मेगा रोड शो

प्रदेश भाजपा कार्यालय के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सुबह करीब 10:30 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद उनका रोड शो एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक निकलेगा। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहेंगे। रोड शो के पूरे मार्ग को पार्टी के झंडों और स्वागत बैनरों से सजाया गया है।भाजपा विधायक और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पूरे बिहार से लोग पटना पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता का उत्साह यह दिखाता है कि प्रधानमंत्री मोदी और एनडीए नेतृत्व पर लोगों का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है।

सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट

इधर, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पटना प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई है। केवल आपातकालीन सेवाओं, पासधारी वाहनों और आमंत्रित अतिथियों को ही अनुमति दी जाएगी।पटना ट्रैफिक पुलिस के अनुसार डुमरा टीओपी से एयरपोर्ट, एयरपोर्ट गोलंबर से पटेल गोलंबर, राजेंद्र चौक, आयकर गोलंबर, डाकबंगला चौराहा, जेपी गोलंबर और कारगिल चौक तक कई मार्गों पर आम वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। बेली रोड पर बोरिंग रोड क्रॉसिंग से आयकर गोलंबर तक यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

गांधी मैदान के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

गांधी मैदान के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मैदान के चारों ओर वाहन पार्किंग, ठेला और खोमचा लगाने पर रोक रहेगी। प्रधानमंत्री का काफिला गांधी मैदान के गेट नंबर 1 से प्रवेश करेगा, जबकि मंत्री और विशेष अतिथि गेट नंबर 12 से अंदर जाएंगे। मीडिया कर्मियों के लिए गेट नंबर 11 निर्धारित किया गया है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts