फुल्लीडुमर/बांका/अंग भारत| बांका जिले के फुल्लीडुमर प्रखंड अंतर्गत भीतिया पंचायत के तीनमुंडा गांव में शुक्रवार को एक राजमिस्त्री की मौत के बाद ओझा-गुनी और डायन विवाद को लेकर भारी तनाव उत्पन्न हो गया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि गांव में दो पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट की नौबत आ पहुंची। मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और अनुमंडल स्तरीय अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर हालात संभालने पड़े। घंटों मशक्कत के बाद अधिकारियों ने ग्रामीणों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेजा गया।
Read more……………टीआरई-4 अभ्यर्थियों पर पटना में लाठीचार्ज, कई घायल
सेंटरिंग कार्य के दौरान बिगड़ी थी तबीयत
जानकारी के अनुसार, तीनमुंडा गांव निवासी 40 वर्षीय नरेश राय पेशे से राजमिस्त्री थे। वह गांव के ही बिनेसर साह के घर में सेंटरिंग का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान करीब आठ दिन पहले अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने पहले उनका इलाज बांका सदर अस्पताल में कराया, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद उन्हें वापस घर लाया गया, मगर गुरुवार को उनकी तबीयत फिर से गंभीर हो गई।
झाड़-फूंक के दौरान डायन होने की फैली चर्चा
ग्रामीणों के मुताबिक, परिजनों ने झाड़-फूंक कराने के उद्देश्य से गेड़ाटीकर नैयासी निवासी तांत्रिक सरयूग पुजहार को गांव बुलाया। आरोप है कि तांत्रिक ने नरेश राय को जीवित कर देने का दावा करते हुए गांव के ही बिनेसर साह की पत्नी सरस्वती देवी को बुलाने की बात कही। इसी दौरान गांव में यह चर्चा फैल गई कि सरस्वती देवी पर डायन होने का शक जताया गया है।
दो पक्षों में बढ़ा विवाद, मारपीट की बनी स्थिति
देखते ही देखते गांव में अफवाह फैल गई और माहौल तनावपूर्ण हो उठा। ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। आरोप-प्रत्यारोप के बीच दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ने लगा और स्थिति मारपीट तक पहुंच गई। गांव में तनाव और हंगामे की सूचना मिलते ही फुल्लीडुमर थानाध्यक्ष गुलशन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ बीडीओ अमित प्रताप सिंह और सीओ मनोज कुमार भी गांव पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
प्रशासन की मौजूदगी में मामला हुआ शांत
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन को तत्काल सूचना दी गई। इसके बाद एसडीओ और एसडीपीओ अतिरिक्त पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को शांत कराया और ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। प्रशासन की मौजूदगी में नरेश राय के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया गया।फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए एहतियातन पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।











One Response