गुवाहाटी,अंग भारत। असम में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। शनिवार को गुवाहाटी स्थित भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित राजग विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को नेता चुन लिया गया।बैठक के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मौजूद रहे। विधायकों से परामर्श के बाद जेपी नड्डा ने डॉ. सरमा के नाम की आधिकारिक घोषणा की। इसके बाद पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला और “भारत माता की जय” तथा “जय श्री राम” के नारे गूंज उठे।
Read more……….असम में सरकार गठन की तैयारी, आज चुना जाएगा नेता
सर्वसम्मति से चुने गए हिमंत बिस्व सरमा
बैठक में डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नाम का प्रस्ताव आठ वरिष्ठ विधायकों ने रखा। इनमें रंजीत कुमार दास, बिश्वजीत दैमारी, अजंता नेओग, रामेश्वर तेली, राजदीप राय, अशोक सिंघल, पीयूष हजारिका और चक्रधर गोगोई शामिल रहे। सभी ने उनके नाम का अनुमोदन किया, जिसके बाद उन्हें राजग विधायक दल का नेता घोषित किया गया।इस अवसर पर असम गण परिषद (अगप) के नेता अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के रिहन दैमारी ने भी उनके नाम का समर्थन किया। मंच पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया, पार्टी प्रभारी, संगठन महासचिव समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह फैसला असम में एनडीए की मजबूत स्थिति को और स्पष्ट करता है।
12 मई को शपथ ग्रहण की तैयारी तेज
उल्लेखनीय है कि असम में हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत एनडीए ने 126 में से 102 सीटों पर जीत हासिल की है। भाजपा को 82 सीटें मिलीं, जबकि सहयोगी दल अगप और बीपीएफ को 10-10 सीटें प्राप्त हुईं।नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को गुवाहाटी के खानापाड़ा खेल मैदान में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रशासन और पार्टी संगठन मिलकर भव्य आयोजन की तैयारी में जुटे हैं।बैठक के बाद डॉ. हिमंत बिस्व सरमा भाजपा मुख्यालय से राजभवन के लिए रवाना हुए, जहां वे राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार गठन का दावा पेश करेंगे।राजनीतिक जानकारों का कहना है कि तीसरी बार एनडीए सरकार का गठन असम में भाजपा की स्थिर राजनीतिक पकड़ को दर्शाता है। आने वाले दिनों में राज्य में नई सरकार की प्राथमिकताएं विकास, बुनियादी ढांचा और सामाजिक योजनाओं पर केंद्रित रहने की उम्मीद है।










