लखनऊ,अंग भारत। उत्तर प्रदेश की राजनीति में आज एक बड़ा दिन है, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार आयोजित किया जाएगा। यह शपथ ग्रहण समारोह लखनऊ के जन भवन स्थित गांधी सभागार में साढ़े तीन बजे संपन्न होगा। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी।राजधानी लखनऊ में इस कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है। जन भवन को विशेष रूप से सजाया गया है और शपथ ग्रहण समारोह के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।
Read more………..यूपी विधानसभा सत्र से पहले महिला आरक्षण पर सियासी घमासान
नए चेहरों को मिल सकती है मंत्रिमंडल में जगह
सूत्रों के अनुसार इस बार मंत्रिमंडल विस्तार में कई नए चेहरों को शामिल किए जाने की संभावना है। समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा में आए ऊंचाहार विधायक मनोज पांडे को मंत्री बनाए जाने की चर्चा राजनीतिक गलियारों में तेज है।इसके अलावा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, कृष्णा पासवान, कैलाश राजपूत, हंसराज विश्वकर्मा और सुरेन्द्र दिलेर के नाम भी संभावित मंत्रियों की सूची में बताए जा रहे हैं। हालांकि आधिकारिक पुष्टि शपथ ग्रहण के बाद ही सामने आएगी।
जातीय समीकरण और 2027 चुनाव की तैयारी पर फोकस
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मंत्रिमंडल विस्तार आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। भाजपा सरकार विभिन्न जातीय समीकरणों को साधने की रणनीति पर काम कर रही है ताकि चुनावी आधार को और मजबूत किया जा सके।पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने हाल ही में अपनी पत्नी के साथ मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया, जबकि कृष्णा पासवान और हंसराज विश्वकर्मा ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है।सूत्रों के मुताबिक कुछ मौजूदा मंत्रियों को प्रमोशन भी दिया जा सकता है, जिससे सरकार के कामकाज में और गति आने की उम्मीद है।
राजधानी में बढ़ी राजनीतिक हलचल
मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर लखनऊ में लगातार राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। विभिन्न नेताओं और कार्यकर्ताओं की आवाजाही जन भवन के आसपास देखी जा रही है। शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रण भी जारी कर दिए गए हैं।राजनीतिक जानकारों का कहना है कि यह विस्तार सरकार की रणनीतिक तैयारी का हिस्सा है, जिससे संगठन और प्रशासन दोनों को मजबूत किया जा सके।अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आज किन नए चेहरों को योगी कैबिनेट में जगह मिलती है और कौन मंत्री पद की शपथ लेते हैं।










