चेन्नई,अंग भारत। तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री और टीवीके प्रमुख सी जोसेफ विजय ने शपथ ग्रहण के तुरंत बाद राज्य में अपनी प्राथमिकताओं को लेकर बड़े फैसले लिए। शपथ के बाद उन्होंने तमिलनाडु सचिवालय पहुंचकर जनता से जुड़ी कई महत्वपूर्ण फाइलों पर हस्ताक्षर किए।सबसे पहले उन्होंने राज्य के घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने से जुड़ी फाइल को मंजूरी दी। यह फैसला राज्य के लाखों परिवारों को राहत देने वाला माना जा रहा है। इसके बाद उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष बल “सिंगप्पेन स्पेशल टास्क फोर्स” के गठन की फाइल पर भी हस्ताक्षर किए।साथ ही मुख्यमंत्री विजय ने नशा विरोधी अभियान और मादक पदार्थों की रोकथाम से संबंधित योजनाओं को भी मंजूरी दी। सरकार ने संकेत दिया है कि इन योजनाओं को जल्द ही जमीनी स्तर पर लागू किया जाएगा।
Read more……..पीएम मोदी का तीन राज्यों का दौरा, हजारों करोड़ की सौगात
शपथ ग्रहण के तुरंत बाद सचिवालय पहुंचे विजय
इससे पहले चेन्नई स्थित जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में लगभग सुबह 10 बजे राज्यपाल ने जोसेफ विजय को मुख्यमंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में हजारों की संख्या में समर्थक मौजूद रहे, जिनके नारों से पूरा स्टेडियम गूंज उठा।इस अवसर पर उनके पिता एस. ए. चंद्रशेखर और मां शोभा भावुक नजर आए। कार्यक्रम में फिल्म जगत की कई हस्तियां, परिवार के सदस्य और गठबंधन दलों के नेता भी शामिल हुए।खास बात यह रही कि विजय ने परंपरा से हटकर शपथ लेने के तुरंत बाद जनता के सामने ही फाइलों पर हस्ताक्षर किए। आमतौर पर मुख्यमंत्री सचिवालय जाकर कार्यभार संभालते हैं, लेकिन विजय ने सीधे जनहित से जुड़े फैसलों को प्राथमिकता दी।
जनता को समर्पित सरकार का वादा, पारदर्शिता पर जोर
मुख्यमंत्री विजय ने अपने पहले संबोधन में कहा कि वह जनता के बीच से आए हैं और जनता की समस्याओं को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने गरीबी और संघर्ष को नजदीक से देखा है, इसलिए उनकी सरकार का फोकस आम लोगों की भलाई पर रहेगा।उन्होंने कहा कि वह किसी राजघराने से नहीं आते, बल्कि जनता की ही तरह एक सामान्य जीवन से जुड़े व्यक्ति हैं। विजय ने कहा कि उन्होंने राजनीति में आने का फैसला जनता के प्यार और समर्थन के कारण लिया।तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) ने अपने पहले ही चुनाव में 108 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया, जबकि कांग्रेस, वीसीके और वाम दलों के समर्थन से सरकार ने 118 सीटों का आंकड़ा पार किया।मुख्यमंत्री ने राज्य की वित्तीय स्थिति को लेकर श्वेत पत्र जारी करने और पूरी पारदर्शिता के साथ शासन चलाने का वादा किया। उन्होंने पिछली सरकार पर राज्य पर कर्ज बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार झूठे वादों से दूर रहेगी।विजय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित सभी सहयोगी दलों का समर्थन के लिए आभार जताया और जनता से अपील की कि सरकार को काम करने के लिए समय दिया जाए ताकि परिणाम स्पष्ट रूप से दिखाई दे सकें।










