अमृतसर,अंग भारत। बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा शनिवार देर रात अमृतसर स्थित श्री दरबार साहिब पहुंचीं, जहां उन्होंने माथा टेककर सरबत के भले की अरदास की। उनके आगमन से वहां मौजूद संगत में उत्साह का माहौल देखने को मिला और कई श्रद्धालुओं ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।प्रीति जिंटा ने गुरुद्वारा साहिब में पहुंचकर श्रद्धा भाव से दर्शन किए और कुछ समय तक आध्यात्मिक माहौल में बिताया। उनकी मौजूदगी से दरबार साहिब परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई।
Read more……………दिल्ली-चंडीगढ़ में ED छापेमारी से पंजाब राजनीति गरमाई
लंगर हॉल में की सेवा, बांटी रोटियां
माथा टेकने के बाद प्रीति जिंटा ने गुरुद्वारा साहिब के लंगर हॉल में सेवा भी निभाई। उन्होंने संगत को अपने हाथों से रोटियां वितरित कीं और सेवा भाव के साथ अपनी श्रद्धा व्यक्त की।लोगों ने उनके इस सरल और विनम्र व्यवहार की सराहना की। कई श्रद्धालुओं ने कहा कि एक प्रसिद्ध अभिनेत्री होते हुए भी उनका सेवा भाव प्रेरणादायक है।मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्हें वाहेगुरु जी का बुलावा आया था, इसलिए वह यहां पहुंचीं। उन्होंने बताया कि यह स्थान उन्हें मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।
टीम की जीत के लिए की विशेष अरदास
प्रीति जिंटा ने बताया कि 11 तारीख को उनकी क्रिकेट टीम का एक अहम मुकाबला है, जिसके लिए उन्होंने दरबार साहिब में विशेष अरदास की है। उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि उनकी टीम अच्छा प्रदर्शन करे और जीत हासिल करे।उन्होंने विश्वास जताया कि वाहेगुरु जी की कृपा से टीम अच्छा खेलेगी और हर मैच में जीत की ओर बढ़ेगी।इस दौरान उन्होंने श्रेयस अय्यर का भी जिक्र किया और कहा कि पंजाब के लोग उन्हें प्यार से “सरपंच” कहते हैं, जो टीम के लिए गर्व की बात है।प्रीति जिंटा ने पंजाब के लोगों और युवाओं का आभार जताते हुए कहा कि टीम को यहां से भरपूर प्यार और समर्थन मिल रहा है, जो खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाता है और उनकी सबसे बड़ी ताकत बनता है।










