Founder – Mohan Milan

किशनगंज ईंट भट्ठा पर छापा, 62 गैस सिलेंडर जब्त

किशनगंज,अंग भारत। बिहार के किशनगंज जिले में प्रशासन ने अवैध गैस सिलेंडर भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ईंट भट्ठा परिसर से 62 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। मामला ठाकुरगंज प्रखंड के जियापोखर थाना क्षेत्र स्थित मालिनगांव पंचायत के गिलहारी गांव में संचालित एमएस निहार ब्रिक्स ईंट भट्ठा का है। कार्रवाई के बाद भट्ठा मालिक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और एलपीजी नियमों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Read more……………….पटना एनकाउंटर में दो बदमाश घायल, तीसरे ने किया सरेंडर

डीएम के निर्देश पर हुई संयुक्त छापेमारी

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार जिलाधिकारी विशाल राज को सूचना मिली थी कि ईंट भट्ठा परिसर में अवैध रूप से घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों का भंडारण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर डीएम के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया।छापेमारी के दौरान ईंट भट्ठा परिसर से कुल 62 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इनमें 54 घरेलू गैस सिलेंडर, 8 कॉमर्शियल सिलेंडर तथा कुछ छोटे गैस सिलेंडर शामिल थे। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से सिलेंडरों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन कोई संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

बिना लाइसेंस गैस भंडारण का आरोप

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सुमित कुमार ने मामले को गंभीर मानते हुए जियापोखर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। आवेदन में कहा गया कि बिना वैध लाइसेंस के बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडरों का भंडारण द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 का उल्लंघन है।प्रशासनिक टीम ने जब्त सिलेंडरों की सूची तैयार की और पुलिस बल की मदद से सभी सिलेंडरों को ट्रक पर लादकर पौआखाली स्थित गैस गोदाम भेज दिया। कार्रवाई के समय ईंट भट्ठा मालिक एकरामुल हक मौके पर मौजूद नहीं थे।

खाली और भरे सिलेंडरों की हुई गिनती

जियापोखर थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि जब्त किए गए सिलेंडरों में 49 खाली घरेलू सिलेंडर, 5 भरे घरेलू सिलेंडर और 8 छोटे भरे कॉमर्शियल सिलेंडर शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में थाना कांड संख्या 32/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।उन्होंने बताया कि प्रशासन को लगातार शिकायत मिल रही थी कि ईंट भट्ठा में नियमों के विरुद्ध गैस सिलेंडर रखे जा रहे हैं। शिकायत की पुष्टि होने के बाद संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

इस छापेमारी अभियान में एसडीओ अनिकेत कुमार, खनिज विकास पदाधिकारी प्रणव कुमार प्रभाकर, डीएसपी, इंस्पेक्टर, राजस्व अधिकारी राहुल कुमार, श्रम विभाग के अधिकारी और जियापोखर एवं पौआखाली थाना की पुलिस टीम शामिल रही। प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

One Response