पटना,अंग भारत। गौतम अडानी रविवार को बिहार के सारण जिले के दौरे पर रहेंगे, जहां वे अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल अडानी सेंटर फॉर आई डिजिज के भूमि पूजन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम अडानी फाउंडेशन और अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इस परियोजना को ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक और किफायती स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
Read more………..सुपौल में उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव का भव्य अभिनंदन
ग्रामीण क्षेत्रों में आंखों के इलाज को मिलेगी नई सुविधा
सारण जिले के मस्तिचक गांव में बनने वाला अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल अडानी सेंटर फॉर आई डिजिज तथा अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल अडानी ट्रेनिंग सेंटर फॉर ऑपथैल्मिक मेडिसिन ग्रामीण इलाकों में आंखों की बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा।इस परियोजना का उद्देश्य बिहार सहित देश के ग्रामीण क्षेत्रों में अंधापन और दृष्टिदोष जैसी समस्याओं को कम करना है। अस्पताल और प्रशिक्षण केंद्र के माध्यम से मरीजों को आधुनिक इलाज के साथ-साथ नेत्र चिकित्सा से जुड़े विशेषज्ञों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
कार्यक्रम में कई प्रमुख हस्तियां रहेंगी मौजूद
भूमि पूजन समारोह में गौतम अडानी के साथ प्रीति अदानी,अडानी इंटरप्राइजेज के डायरेक्टर प्रणव अडानी सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहेंगी। वहीं अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल की ओर से मृत्युंजय तिवारी, रविकांत, प्रो. डॉ. राजवर्धन आजाद और डॉ. अजित कुमार पोद्दार भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।आयोजकों के अनुसार यह पहल सिर्फ एक अस्पताल निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण भारत में स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में दीर्घकालिक प्रयास का हिस्सा है।
“सेवा ही साधना है” की सोच से जुड़ी पहल
इस परियोजना को गौतम अडानी की “सेवा ही साधना है” की सोच से प्रेरित बताया जा रहा है। अडानी समूह लंबे समय से शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण से जुड़े क्षेत्रों में कई परियोजनाओं पर कार्य करता रहा है।जानकारों का मानना है कि सारण में बनने वाला यह आई हॉस्पिटल आने वाले समय में बिहार ही नहीं, बल्कि आसपास के राज्यों के मरीजों के लिए भी बड़ी सुविधा साबित हो सकता है। ग्रामीण इलाकों में नेत्र चिकित्सा की उपलब्धता बढ़ने से हजारों लोगों को समय पर इलाज मिल सकेगा।उद्योगपति गौतम अडानी की यह बिहार यात्रा स्वास्थ्य सेवा, सामाजिक विकास और जनकल्याण से जुड़े क्षेत्रों में विशेष चर्चा का विषय बनी हुई है। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर भी व्यापक तैयारियां की जा रही हैं और लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।










