कोलकाता,अंग भारत। आईपीएल 2026 में शनिवार को खेले गए हाई-स्कोरिंग मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने गुजरात टाइटंस को 29 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला, जहां कोलकाता के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाते हुए विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में गुजरात की टीम ने संघर्ष तो किया, लेकिन लक्ष्य से पीछे रह गई।
Read more……………तिलक वर्मा के तूफान में उड़ी पंजाब, मुंबई की शानदार जीत
फिन एलन ने खेली विस्फोटक पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर की शुरुआत बेहद विस्फोटक रही। टीम को आक्रामक ओपनर फिन एलन ने तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए और गुजरात के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। एलन ने सिर्फ 35 गेंदों में 93 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी इस पारी में चार चौके और 10 लंबे छक्के शामिल रहे। हालांकि वह शतक से चूक गए, लेकिन उनकी बल्लेबाजी ने मैच का पूरा रुख कोलकाता की ओर मोड़ दिया।
रघुवंशी और ग्रीन ने बढ़ाया स्कोर
एलन के आउट होने के बाद भी केकेआर का रनगति पर कोई असर नहीं पड़ा। युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने जिम्मेदारी संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 44 गेंदों पर नाबाद 82 रन बनाए, जिसमें चार चौके और सात छक्के शामिल रहे। रघुवंशी ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया।अंतिम ओवरों में कैमरून ग्रीन ने भी तेजी से रन बटोरे। उन्होंने 28 गेंदों में नाबाद 52 रन की तेज पारी खेली और टीम का स्कोर 20 ओवर में दो विकेट पर 247 रन तक पहुंचा दिया। गुजरात के गेंदबाज इस मुकाबले में पूरी तरह दबाव में नजर आए। मोहम्मद सिराज और साई किशोर को एक-एक विकेट मिला, लेकिन बाकी गेंदबाज महंगे साबित हुए।
शुभमन गिल की पारी नहीं दिला सकी जीत
248 रन के कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस ने भी मुकाबले में वापसी की कोशिश की। कप्तान शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 85 रन बनाए। उन्होंने कई बेहतरीन शॉट लगाए और टीम को लक्ष्य के करीब ले जाने का प्रयास किया। वहीं लंबे समय बाद वापसी कर रहे साई सुदर्शन ने नाबाद 53 रन की उपयोगी पारी खेली। विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने भी 57 रन का योगदान दिया।इसके बावजूद गुजरात की टीम लगातार विकेट गंवाती रही, जिसका असर रनचेज पर पड़ा। निर्धारित 20 ओवर में टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और 29 रन से मुकाबला हार गई।
नारायण की गेंदबाजी ने दिलाई जीत
कोलकाता की ओर से अनुभवी स्पिनर सुनील नारायण सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 29 रन देकर दो महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। इस जीत के साथ केकेआर ने अंक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है, जबकि गुजरात को अहम मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।










