Founder – Mohan Milan

सासाराम स्टेशन पर पटना पैसेंजर में भीषण आग, पांच बोगी राख

सासाराम,अंग भारत। बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सासाराम से पटना जाने वाली ट्रेन संख्या 53212 सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर की एक बोगी में अचानक आग लग गई। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ट्रेन की पांचवीं बोगी पूरी तरह जलकर राख हो गई। वहीं चौथी बोगी का पिछला हिस्सा भी आग की चपेट में आ गया।

Read more…………बांका में नल-जल योजना पर बवाल, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों ने सबसे पहले देखा धुआं

घटना सुबह करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। प्लेटफॉर्म संख्या छह पर रोज की तरह सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन खुलने के लिए खड़ी थी। यात्री धीरे-धीरे ट्रेन में चढ़ रहे थे। इसी दौरान एक कोच से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। सुबह मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों ने सबसे पहले धुआं देखा और शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद स्टेशन परिसर में भगदड़ जैसे हालात बन गए।रैक प्वाइंट पर मौजूद मजदूरों और रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी स्टेशन पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने में जुट गई। हालांकि जब तक आग पूरी तरह नियंत्रित होती, तब तक ट्रेन की पांचवीं बोगी पूरी तरह जल चुकी थी।

यात्रियों में मची अफरा-तफरी, दूसरी ट्रेन से भेजे गए लोग

रेलवे अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए आग से प्रभावित बोगी को बाकी डिब्बों से अलग कर दिया, ताकि आग अन्य कोच तक न फैल सके। इस घटना के कारण ट्रेन सेवा प्रभावित रही और पटना व आरा जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्री बस और अन्य साधनों से अपने गंतव्य के लिए रवाना होते नजर आए। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए प्लेटफॉर्म संख्या सात पर खड़ी सासाराम-आरा सवारी गाड़ी को निर्धारित समय से पहले रवाना किया गया।

रेलवे बोला- खाली कोच में लगी थी आग, जांच शुरू

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि जिस कोच में आग लगी थी, वह उस समय खाली था और उसमें कोई यात्री मौजूद नहीं था। उन्होंने कहा कि सुबह लगभग 5:30 बजे कोच से धुआं निकलने की सूचना मिलते ही रेलकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छह बजे प्रभावित कोच को अलग कर दिया और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। करीब 6:45 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।रेलवे प्रशासन के अनुसार इस घटना में किसी यात्री या रेलकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

One Response