गाजियाबाद,अंग भारत। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले की खोड़ा कॉलोनी में चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने रविवार सुबह मुठभेड़ में मार गिराया। इस दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई गोलीबारी में एक कांस्टेबल भी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। असद पर गाजियाबाद पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और वह घटना के बाद से फरार चल रहा था।पुलिस के अनुसार, 28 मई को खोड़ा क्षेत्र में रहने वाले 11वीं कक्षा के छात्र सूर्या चौहान पर चाकू से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल सूर्या की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक के परिजनों की शिकायत पर हत्या समेत अन्य धाराओं में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने शनिवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी असद पुलिस की पकड़ से बाहर था।
Read more……………हिंदी पत्रकारिता दिवस पर नेताओं ने दी शुभकामनाएं, लोकतंत्र में योगदान को किया याद
मुखबिर की सूचना पर शुरू हुआ ऑपरेशन
पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल ने बताया कि रविवार सुबह सूचना मिली थी कि असद अपने कुछ साथियों से मिलने और पैसे लेकर क्षेत्र से भागने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर बैरियर लगाए और सघन चेकिंग अभियान शुरू किया।इसी दौरान पुलिस टीम को एक बाइक पर असद अपने एक साथी के साथ आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का संकेत दिया तो आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
पुलिस के मुताबिक बदमाशों की ओर से चलाई गई गोली एक कांस्टेबल को लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली असद को लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।पुलिस टीम ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल कांस्टेबल का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने असद के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
परिवार ने जताई संतुष्टि, उठाई अन्य मांगें
असद के मारे जाने की खबर मिलने के बाद सूर्या चौहान की मां सरोज ने कहा कि उन्हें तब पूरी तसल्ली मिलेगी जब वह असद की तस्वीर देख लेंगी। उन्होंने कहा कि उनके बेटे के साथ अन्य आरोपियों ने भी अपराध किया है और उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।वहीं स्थानीय लोगों और मृतक के पड़ोसियों ने भी अन्य आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कुछ लोगों ने आरोपियों की संपत्ति जब्त करने और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग भी उठाई।
मामूली विवाद से शुरू हुआ था मामला
जानकारी के अनुसार, 28 मई को सूर्या चौहान को फोन कर एक स्थान पर बुलाया गया था। वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उस पर चाकू से हमला कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने उसका पीछा कर कई बार चाकू से वार किए। गंभीर रूप से घायल सूर्या को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। मामले को लेकर विभिन्न संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया और शनिवार को परिजनों ने शव रखकर जाम भी लगाया। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद शाम को अंतिम संस्कार किया गया।










