Founder – Mohan Milan

बिहार में बनेगी ओलंपिक स्तर की खेल सुविधाएं, CM का बड़ा ऐलान

पटना,अंग भारत। बिहार में खेलों को नई ऊंचाई देने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाने का संकेत दिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में खेल विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने वाले खिलाड़ियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि बिहार में खेल अवसंरचना को विश्वस्तरीय बनाया जा रहा है और अंतरराष्ट्रीय खेलों के लिए ओलंपिक स्तर की सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

Read more…………..हत्या की कोशिश केस में फंसे खान सर, अब अदालत से मांगी राहत

खिलाड़ियों को मिलेगी बेहतर सुविधाएं और प्रोत्साहन

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जा रहा है। साथ ही ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत खिलाड़ियों को प्रोत्साहन भी दिया जा रहा है।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, गुणवत्तापूर्ण कोचिंग, खेल उपकरण और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि वे राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

राजगीर क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण तय समय पर पूरा करने का निर्देश

मुख्यमंत्री ने राजगीर में निर्माणाधीन अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसका निर्माण 31 दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना बिहार के खेल विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।इसके अलावा पटना के डुमरी खेल परिसर में विभिन्न खेलों के लिए अलग-अलग अंतर्राष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम विकसित करने की योजना पर भी जोर दिया गया।

गांवों तक पहुंचेगी खेल संस्कृति

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की 8053 ग्राम पंचायतों में से 4700 ग्राम पंचायतों में 5266 खेल मैदानों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। उन्होंने शेष खेल मैदानों के निर्माण कार्य को भी जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर नियमित खेल महोत्सव और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिले। पंचायत खेल क्लबों के माध्यम से पुराने खिलाड़ियों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों को जोड़कर खेल संस्कृति को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया।

मोइनुल हक स्टेडियम के पुनर्विकास में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में मुख्यमंत्री ने पटना स्थित मोइनुल हक स्टेडियम के पुनर्विकास कार्य की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस परियोजना में तेजी लाने के लिए बीसीसीआई और बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।साथ ही स्टेडियम तक बेहतर सड़क और परिवहन संपर्क विकसित करने को कहा गया, ताकि बड़े खेल आयोजनों के दौरान यातायात और भीड़ की समस्या न हो।

खेल विश्वविद्यालय और खेल भवनों पर भी फोकस

मुख्यमंत्री ने बिहार खेल विश्वविद्यालय, राजगीर में रोजगारपरक और नवाचार आधारित पाठ्यक्रमों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। इसके साथ ही जिला स्तरीय खेल भवन-सह-व्यायामशालाओं और प्रखंड स्तरीय आउटडोर स्टेडियमों के निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा उनके संचालन के लिए पीपीपी मॉडल की संभावनाएं तलाशने को कहा।बैठक में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा बैठक में राज्य में खेलों के समग्र विकास और खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

One Response