Founder – Mohan Milan

बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, पटना समेत कई DM बदले

बिहार में बड़े पैमाने पर आईएएस अधिकारियों का तबादला, कई जिलों के डीएम बदले

पटना,अंग भारत। बिहार सरकार ने राज्य के प्रशासनिक ढांचे में व्यापक बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों का बड़े स्तर पर तबादला किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, नालंदा समेत कई जिलों में नए जिलाधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

Read more………….खगड़िया में सहयोग शिविर शुरू, 30 दिन में समस्याओं के समाधान का दावा

वरिष्ठ अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आनंद किशोर को अपर मुख्य सचिव, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का दायित्व सौंपा है। वहीं रॉबर्ट एल. चोंग्यू को प्रधान सचिव, संसदीय कार्य विभाग बनाया गया है। मो. सोहैल को सचिव, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग नियुक्त किया गया है। इसके अलावा वे सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव और जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।त्यागराजन एस.एम. को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। साथ ही उन्हें स्वास्थ्य विभाग में विशेष सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। नवीन कुमार को विशेष सचिव, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग बनाया गया है। उन्हें सूचना एवं जनसंपर्क विभाग तथा बिहार स्टेट बिवरेजेज कॉरपोरेशन लिमिटेड का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

पटना समेत कई जिलों में नए डीएम

तबादला सूची के तहत कुंदन कुमार को पटना का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं छिरिङ वाई भूटिया को जहानाबाद और उदिता सिंह को नालंदा (बिहारशरीफ) का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।इसके अलावा अंशुल अग्रवाल को बांका, अलंकृता पाण्डेय को भागलपुर तथा कुमार गौरव को मुजफ्फरपुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। सभी अधिकारियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-14 के तहत संबंधित जिलों का जिला दंडाधिकारी भी नियुक्त किया गया है।

पूर्वी चंपारण, किशनगंज और रोहतास में भी बदलाव

समीर सौरभ को गोपालगंज, सौरभ सुमन यादव को पूर्वी चंपारण (मोतिहारी), नवीन कुमार को किशनगंज और विक्रम विरकर को खगड़िया का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं दीपक कुमार मिश्रा को रोहतास (सासाराम) जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।प्रशासनिक हलकों में इन नियुक्तियों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि कई जिलों में नए अधिकारियों को विकास योजनाओं और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालनी होगी।

विभागों और निगमों में भी बड़ा फेरबदल

सुब्रत कुमार सेन को बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। धर्मेन्द्र कुमार को बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं सौरभ जोरवाल को साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।इसके अतिरिक्त डॉ. प्रीति को समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस) की निदेशक बनाया गया है। वे सामाजिक सुरक्षा निदेशालय का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगी। चंद्रिमा अत्री को समाज कल्याण विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है।

प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद

राज्य सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को शासन-प्रशासन की कार्यकुशलता बढ़ाने और विभिन्न विभागों में बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में इस तबादला सूची को लेकर चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों से बेहतर प्रशासनिक प्रदर्शन की अपेक्षा की जाएगी।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

One Response

Recent Posts