कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग में बारिश से मिली गर्मी से राहत
जयपुर,अंग भारत। राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए प्रदेश के 12 जिलों में तेज आंधी, मेघगर्जन और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पिछले कुछ दिनों से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है और कई जिलों में हुई बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई है|शुक्रवार को कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। दिन के समय अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद बादलों की आवाजाही बढ़ने के साथ कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। उदयपुर में शाम के समय तेज हवाओं के साथ बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
Read more………..पश्चिमी विक्षोभ का असर, राजस्थान में 40 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा
बूंदी के रायथल में सबसे ज्यादा 33 मिमी बारिश दर्ज
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान बूंदी, राजसमंद, अजमेर और कोटा सहित कई जिलों में एक इंच तक बारिश रिकॉर्ड की गई। बूंदी जिले के रायथल में सर्वाधिक 33 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। इसके अलावा हिंडौली में 18 मिमी, बूंदी शहर में 15 मिमी, राजसमंद के कुंभलगढ़ में 12 मिमी, सरदारगढ़ में 25 मिमी, रेलमगरा में 16 मिमी और अजमेर के सावर क्षेत्र में 18 मिमी बारिश दर्ज की गई।इसके अलावा बारां, झालावाड़, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर जिलों के कई हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी का दौर देखने को मिला। किसानों और आम लोगों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है, क्योंकि लंबे समय से प्रदेश के कई हिस्से भीषण गर्मी और लू की चपेट में थे।
23 जून तक जारी रह सकता है प्री-मानसून का दौर
बारिश के बावजूद राजस्थान के कुछ इलाकों में गर्मी और उमस का असर बना हुआ है। शुक्रवार को अलवर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा दौसा, भरतपुर, सीकर, झुंझुनूं, श्रीगंगानगर और नागौर सहित कई जिलों में दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया।मौसम विभाग का अनुमान है कि प्री-मानसून की गतिविधियां 23 जून तक जारी रह सकती हैं। इस दौरान कई जिलों में तेज आंधी, मेघगर्जन और बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी दिनों में बारिश का दायरा बढ़ने से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से और अधिक राहत मिल सकेगी।



































