रांची,अंग भारत। झारखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। रविवार दोपहर बाद राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला और कई इलाकों में रिमझिम बारिश हुई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत मिली।
रांची में दोपहर बाद बदला मौसम का मिजाज
रविवार सुबह तक रांची और आसपास के क्षेत्रों में मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद अचानक घने बादल छा गए। इसके बाद शहर के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश के चलते वातावरण सुहावना हो गया और लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की।
आईएमडी ने कई जिलों के लिए जारी किया ऑरेंज अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची केंद्र ने उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। इसे देखते हुए संबंधित जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने तथा आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
चार जुलाई तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में चार जुलाई तक मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान झारखंड के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश, गर्जन और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
देवघर में सबसे अधिक बारिश, डाल्टनगंज रहा सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों में देवघर जिले के सिकटिया में सबसे अधिक 54 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सबसे कम तापमान रांची के नामकुम में 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।रविवार को रांची का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री, जमशेदपुर का 37.6 डिग्री, बोकारो का 37.5 डिग्री और चाईबासा का 35.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।










