नई दिल्ली,अंग भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रविवार को एक विशेष समारोह में सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने देश के प्रतिष्ठित सम्मान ‘गार्जियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ से सम्मानित किया। यह पहली बार है जब सेशेल्स ने यह सम्मान किसी वैश्विक नेता को प्रदान किया है।
पर्यावरण और ब्लू इकोनॉमी में योगदान का मिला सम्मान
प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके निरंतर प्रयासों, हरित विकास को बढ़ावा देने वाली नीतियों और विकासशील देशों के हितों की प्रभावी पैरवी के लिए दिया गया। साथ ही ‘ब्लू इकोनॉमी’, जलवायु परिवर्तन से मुकाबला, समुद्री संसाधनों के टिकाऊ उपयोग और छोटे द्वीपीय विकासशील देशों की विकास संबंधी आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने में उनके योगदान को भी इस सम्मान का आधार बनाया गया।
सम्मान को जलवायु संरक्षण के लिए समर्पित किया
विदेश मंत्रालय के अनुसार, सम्मान ग्रहण करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने इसे उन सभी देशों को समर्पित किया जो पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के खिलाफ वैश्विक प्रयासों के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि भारत और सेशेल्स इस समय अपने राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहे हैं और यह सम्मान दोनों देशों की गहरी मित्रता तथा आपसी सहयोग को नई मजबूती प्रदान करेगा।
भारत की हरित पहलों को मिली वैश्विक पहचान
मंत्रालय ने बताया कि यह सम्मान एक हरित और टिकाऊ भविष्य के प्रति प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार्यता है। उनके नेतृत्व में शुरू की गई कई वैश्विक पहलें, जैसे इंटरनेशनल सोलर अलायंस, मिशन लाइफ (पर्यावरण के लिए जीवन शैली), ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस, दुनिया में पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को नई दिशा देने का प्रयास कर रही हैं।
पहले भी मिल चुके हैं कई अंतरराष्ट्रीय सम्मान
यह सम्मान सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में प्रधानमंत्री मोदी को मिले अंतरराष्ट्रीय सम्मानों की श्रृंखला में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे पहले उन्हें एफएओ का एग्रीकोला मेडल, सियोल शांति पुरस्कार और संयुक्त राष्ट्र का ‘चैंपियन ऑफ द अर्थ’ पुरस्कार भी मिल चुका है।
भारत-सेशेल्स संबंधों को मिलेगी नई मजबूती
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह सम्मान इस बात का भी प्रतीक है कि सेशेल्स भारत को क्षमता निर्माण, पर्यावरणीय पहल, सतत विकास और हिंद महासागर क्षेत्र में साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने वाला एक विश्वसनीय और मजबूत साझेदार मानता है।गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब तक दुनिया के 34 देशों द्वारा उनके सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है। सेशेल्स का ‘गार्जियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ सम्मान इस सूची में शामिल होने वाला नवीनतम और विशेष सम्मान है।










