सुपौल,अंग भारत। जिले के छातापुर प्रखंड में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अवैध कब्जाधारियों को अंतिम चेतावनी जारी कर दी है। शुक्रवार दोपहर प्रशासनिक टीम ने पूरे बाजार क्षेत्र का निरीक्षण कर 12 घंटे के भीतर अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम दिया।
Read more…….बुलडोजर राज पर भड़के रामबली सिंह यादव
माइकिंग कर दी गई अंतिम चेतावनी
प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता, प्रभारी अंचलाधिकारी राकेश कुमार और थाना अध्यक्ष प्रमोद झा के नेतृत्व में टीम पुलिस बल के साथ डहरिया नहर से लेकर स्थानीय बाजार स्थित दुर्गा मंदिर तक पहुंची। इस दौरान माइकिंग के जरिए अतिक्रमणकारियों को साफ तौर पर निर्देश दिया गया कि वे सरकारी जमीन से अपना अवैध कब्जा खुद हटा लें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि यह अभियान जिला प्रशासन के निर्देश पर चलाया जा रहा है और इसका उद्देश्य पूरे बाजार क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करना है। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले गुरुवार को भी माइकिंग के जरिए लोगों को चेतावनी दी गई थी और उन्हें शुक्रवार तक का समय दिया गया था।
नहीं हटाया कब्जा तो चलेगा बुलडोजर
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अगर निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो शनिवार को जेसीबी मशीन के जरिए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया जाएगा। इसके साथ ही संबंधित लोगों पर सरकारी नियमों के तहत जुर्माना भी लगाया जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों ने कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
अतिक्रमणकारियों में मची हलचल
प्रशासन की इस कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों के बीच हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है। कई लोगों ने अपने स्तर पर अतिक्रमण हटाने की तैयारी शुरू कर दी है, जबकि कुछ लोग स्थिति का आकलन करने में जुटे हैं।
प्रशासन की प्राथमिकता—अतिक्रमण मुक्त क्षेत्र
अधिकारियों ने दोहराया कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस दिशा में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की, ताकि अभियान शांतिपूर्ण ढंग से पूरा किया जा सके|प्रशासन का यह कदम न सिर्फ कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है, बल्कि इससे सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित करने में भी मदद मिलेगी। आने वाले दिनों में इस तरह की कार्रवाई अन्य क्षेत्रों में भी देखने को मिल सकती है।








