Founder – Mohan Milan

शांति और सौहार्द के बीच पूर्णिया में धूमधाम से मनी बकरीद

जिलेभर में शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई नमाज

बिहार,अंग भारत| पूर्णिया जिले में ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का पर्व गुरुवार को पूरी धार्मिक आस्था, उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। जिलेभर की ईदगाहों, मस्जिदों और इबादतगाहों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की और एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। पर्व को लेकर सुबह से ही लोगों में खासा उत्साह देखा गया।

Read more…………ललितग्राम रेलवे प्रोजेक्ट से रोजगार और विकास को मिलेगी रफ्तार

प्रशासन ने किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

बकरीद के मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिले के सभी संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। असामाजिक तत्वों और शांति भंग करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर बनी रही।जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं पल-पल की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे। वहीं सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और थाना अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी करते रहे।

बनमनखी में दिखा भाईचारे और उत्साह का माहौल

बनमनखी अनुमंडल में भी ईद-उल-अजहा का पर्व हर्षोल्लास और आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया। सुबह से ही मुस्लिम समुदाय के लोग मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने पहुंचे। नमाज के बाद खुत्बा हुआ, जिसके बाद लोगों ने परंपरा के अनुसार कुर्बानी की रस्म अदा की।बनमनखी शहर और आसपास के प्रमुख ईदगाहों एवं मस्जिदों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। लोग नए कपड़ों में एक-दूसरे को गले लगाकर “ईद मुबारक” कहते नजर आए। बच्चों में खासा उत्साह दिखा, जबकि घरों में महिलाओं ने बिरयानी, सेवईं, कबाब, कोरमा, निहारी और कोफ्ता समेत कई पारंपरिक व्यंजन तैयार किए।

संवेदनशील इलाकों में रही विशेष निगरानी

धरहरा अंसारी टोला, उत्तर टोला, बनमनखी मार्केटिंग ईदगाह और बेला जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में प्रशासन की ओर से विशेष निगरानी रखी गई। अधिकारियों ने लोगों को ईद की शुभकामनाएं देते हुए शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील भी की।

बड़हरा कोठी में हजारों लोगों ने अदा की नमाज

बड़हरा कोठी प्रखंड के सभी ईदगाहों में भी ईद-उल-अजहा की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई। मुलकिया और बड़हरा स्थित मुख्य ईदगाह में सुबह करीब 8:30 बजे हजारों नमाजियों ने नमाज अदा की और एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की बधाई दी।बड़हरा जामा मस्जिद के मौलाना ने नमाज अदा कराई। उन्होंने कहा कि त्याग और बलिदान का यह पर्व पैगंबर इब्राहिम और हजरत इस्माइल की याद में मनाया जाता है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने भी ईदगाह पहुंचकर लोगों को बकरीद की मुबारकबाद दी।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी रहे तैनात

मेले और ईदगाह स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात रहे। प्रखंड विकास पदाधिकारी कैलाशपति मिश्र कुमार, थाना अध्यक्ष अवधेश कुमार, रघुवंशनगर थाना अध्यक्ष शिशुपाल कुमार और अंचल पदाधिकारी मोहन कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।इस दौरान बासुदेवपुर सरपंच भगवान चंद दास, पूर्व मुखिया राजीव रंजन कुमार, त्रिभुवन कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

One Response

Recent Posts