रांची,अंग भारत। झारखंड की राजधानी रांची में शुक्रवार को पेट्रोल-डीजल को लेकर अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुबह होते ही शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालात ऐसे हो गए कि कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म हो गया, जबकि कुछ पंप पूरी तरह ड्राई होकर बंद हो गए। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी और सप्लाई को लेकर फैली आशंका के कारण लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे।हालांकि पेट्रोल पंप संचालकों और प्रशासन की ओर से लगातार यह दावा किया गया कि ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और किसी तरह की कमी नहीं है, लेकिन इसके बावजूद लोगों में घबराहट साफ दिखाई दी। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे से ही बाइक, स्कूटी, कार और अन्य वाहनों की लंबी लाइनें पेट्रोल पंपों के बाहर लगनी शुरू हो गईं। कई लोग बोतल और गैलन में भी पेट्रोल भरवाते नजर आए।
Read more…….जमशेदपुर ट्रिपल मर्डर से दहला शहर, आरोपी ने मांगी मौत
कई पेट्रोल पंपों पर खत्म हुआ ईंधन
अचानक बढ़ी मांग के कारण शहर के कई प्रमुख पेट्रोल पंपों पर स्थिति बिगड़ गई। कोकर, लालपुर और डीपीएस के पास स्थित पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कडरू पेट्रोल पंप, करमटोली पेट्रोल पंप और बरियातू इलाके के पंपों पर भी लंबी कतारें लगी रहीं।कडरू ब्रिज के पास स्थित पेट्रोल पंप पर सुबह से ही वाहनों की भारी भीड़ देखी गई। वहीं करमटोली-जेल रोड स्थित दो पेट्रोल पंपों में से एक नया पंप ईंधन खत्म होने के कारण बंद हो गया। बरियातू का पेट्रोल पंप भी ड्राई होने की वजह से बंद पड़ा रहा।लोगों में इस बात को लेकर चिंता बढ़ गई कि आने वाले दिनों में ईंधन की किल्लत और बढ़ सकती है। हालांकि प्रशासन ने ऐसी किसी भी आशंका से इनकार किया है।
प्रशासन ने की संयम बरतने की अपील
स्थिति को देखते हुए रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और किसी तरह की कमी नहीं है। उपायुक्त ने लोगों से केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन भरवाने की अपील की।उन्होंने कहा कि अनावश्यक स्टॉकिंग की वजह से पंपों पर अतिरिक्त दबाव बन रहा है, जिससे आम उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। साथ ही उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने को भी कहा।
कीमत बढ़ने के बाद बढ़ी भीड़
झारखंड पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के प्रवक्ता प्रमोद कुमार ने बताया कि तेल कंपनियों की ओर से सप्लाई सामान्य रूप से जारी है, लेकिन अचानक मांग कई गुना बढ़ जाने से कुछ पंपों पर ड्राई की स्थिति बन रही है। उन्होंने कहा कि जिन पंपों पर सामान्य दिनों में तीन दिन का स्टॉक रहता था, वह अब एक दिन में ही खत्म हो जा रहा है।उल्लेखनीय है कि पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। रांची में पेट्रोल का दाम 97.86 रुपये से बढ़कर 100.86 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि डीजल की कीमत 92.62 रुपये से बढ़कर 95.76 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। नई कीमतें शुक्रवार सुबह छह बजे से लागू हो चुकी हैं।विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और मिडिल ईस्ट में जारी तनाव की वजह से ईंधन की कीमतों में यह इजाफा हुआ है।











One Response