भीलवाड़ा,राजस्थान,अंग भारत। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने दो दिवसीय भीलवाड़ा दौरे के दूसरे दिन ग्रामीण विकास कार्यों का जायजा लेने के साथ-साथ प्रदेश की राजनीति पर भी बड़ा बयान देकर सियासी हलकों में चर्चा तेज कर दी। शनिवार को खारी का लाम्बा गांव के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि वह बार-बार सचिन पायलट को ही टारगेट करते हैं।
Read more…………राजस्थान के 20 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, मौसम बदला
गांव का किया निरीक्षण, विकास कार्यों की समीक्षा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार सुबह खारी का लाम्बा गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गांव के तालाब, मंदिर, पंचायत भवन और विद्यालय का निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जाए।दौरे के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से जयपुर के लिए रवाना हो गए।
गहलोत पर साधा निशाना
पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर लगाए गए आरोपों को लेकर सवाल पूछा गया। इसके जवाब में भजनलाल शर्मा ने कहा कि अशोक गहलोत की मित्रता सचिन पायलट से ज्यादा है और वे जो भी बातें कहते हैं, उनका निशाना अक्सर सचिन पायलट ही होते हैं।मुख्यमंत्री ने कहा, “यह उनका आपसी मामला है, लेकिन उनका दर्द ऐसा है कि वे बार-बार सचिन पायलट को ही टारगेट करते हैं।” मुख्यमंत्री के इस बयान को कांग्रेस के अंदरूनी समीकरणों पर कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है।
गांवों के विकास को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश और देश का विकास गांवों से होकर गुजरता है। सरकार का उद्देश्य हर गांव को सशक्त, आत्मनिर्भर और मूलभूत सुविधाओं से युक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि यदि गांव मजबूत होंगे तो प्रदेश और देश भी मजबूत बनेगा।उन्होंने बताया कि एक दिन पहले आयोजित रात्रि चौपाल में महिलाओं, किसानों, पशुपालकों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों से सीधा संवाद किया गया। इस दौरान रोजगार, कृषि, पशुपालन और सरकारी योजनाओं के प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
पलायन रोकने के लिए गांवों में सुविधाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं प्रभावी ढंग से गांवों तक पहुंच रही हैं। विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित राजस्थान और विकसित गांवों का निर्माण सरकार की प्राथमिकता है।उन्होंने शहरों की ओर बढ़ते पलायन पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि गांवों में बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, रोजगार के अवसर और आधारभूत ढांचा उपलब्ध होगा तो लोगों को शहरों की ओर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ग्राम चौपालों का उद्देश्य भी यही है कि सरकार सीधे ग्रामीणों की समस्याएं सुने और उनका समाधान सुनिश्चित करे।
जनप्रतिनिधियों की सराहना
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के कार्यों की भी प्रशंसा की। उन्होंने विधायक अशोक कोठारी सहित जब्बर सिंह सांखला, गोपीचंद मीणा, डॉ. लालाराम बैरवा, गोपाल खंडेलवाल और लादूलाल पीतलिया के प्रयासों को सराहते हुए कहा कि जनभागीदारी और स्थानीय नेतृत्व के सहयोग से विकास कार्यों को और अधिक गति मिल रही है।मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सरकार और जनता के संयुक्त प्रयासों से राजस्थान के गांव विकास की नई ऊंचाइयों को छुएंगे।










