Founder – Mohan Milan

ट्विशा शर्मा केस में बड़ा एक्शन, घटनास्थल पर सीन रीक्रिएट करेगी CBI

भोपाल,अंग भारत। अभिनेत्री और मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की जांच निर्णायक चरण में पहुंच गई है। पांच दिन की रिमांड मिलने के बाद सोमवार को सीबीआई की विशेष टीम रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को लेकर भोपाल के बागमुगालिया स्थित बंगले पर पहुंची, जहां घटना हुई थी। जांच एजेंसी अब वैज्ञानिक तरीके से घटनाक्रम को दोबारा तैयार कर मौत की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।

Read more…………महाराष्ट्र MLC चुनाव के लिए भाजपा ने 10 उम्मीदवार घोषित किए

डमी के जरिए होगा सीन रीक्रिएशन

सीबीआई टीम फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मौजूदगी में घटनास्थल पर ‘थ्री-डायमेंशनल सीन रीक्रिएशन’ कर रही है। इसके लिए ट्विशा के वजन के बराबर करीब 80 किलोग्राम की डमी का इस्तेमाल किया जाएगा। डमी को उसी स्थान पर फंदे से लटकाकर और नीचे उतारकर यह परखा जाएगा कि घटना को लेकर दिए जा रहे बयान भौतिक परिस्थितियों से मेल खाते हैं या नहीं।जांच का उद्देश्य फंदे की ऊंचाई, शव की स्थिति और कथित घटनाक्रम की सत्यता की वैज्ञानिक जांच करना है।

चश्मदीदों और सुरक्षा गार्ड से भी पूछताछ

सूत्रों के मुताबिक, घटना के समय घर और आसपास मौजूद लोगों को भी मौके पर बुलाया गया है। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड से पूछताछ कर उसके बयान का घटनास्थल से मिलान किया जाएगा। सीबीआई अधिकारी आरोपितों से अलग-अलग और आमने-सामने बैठाकर घटना वाले दिन की पूरी टाइमलाइन पर सवाल कर रहे हैं।

गर्भपात एंगल की भी जांच

मामले में समर्थ सिंह का दावा है कि गर्भपात के बाद ट्विशा मानसिक तनाव में थीं और इसी वजह से उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि सीबीआई इस दावे की स्वतंत्र जांच कर रही है।जांच एजेंसी ने उस डॉक्टर को समन जारी किया है, जिसने कथित तौर पर ट्विशा को गर्भपात की सलाह दी थी। डॉक्टर से यह भी पूछा जाएगा कि गर्भपात का निर्णय स्वेच्छा से लिया गया था या किसी प्रकार का दबाव था।

फरारी को लेकर मिले अहम सुराग

सीबीआई जांच में समर्थ सिंह की कथित फरारी से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य भी सामने आए हैं। कॉल डिटेल रिकॉर्ड, लोकेशन डेटा और बैंकिंग लेनदेन की जांच में पता चला है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद भी वह तुरंत भोपाल नहीं छोड़ पाया था।जांच के अनुसार वह कुछ दिनों तक भोपाल में छिपा रहा और बाद में जबलपुर पहुंचा, जहां कई दिनों तक रुका। अब एजेंसी उन लोगों की भी पहचान कर रही है जिन्होंने इस दौरान उसे मदद या ठिकाना उपलब्ध कराया।

आत्महत्या या हत्या, जवाब तलाश रही जांच एजेंसी

सीबीआई फिलहाल दो प्रमुख पहलुओं पर जांच केंद्रित किए हुए है—यदि यह आत्महत्या थी तो इसके पीछे क्या परिस्थितियां थीं, और यदि हत्या हुई तो क्या घटनास्थल पर सबूतों से छेड़छाड़ की गई थी।घटनास्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और जांच एजेंसी हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही है। मामले से जुड़े कई अहम तथ्य आने वाले दिनों में सामने आ सकते हैं।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts