भागलपुर,अंग भारत। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को अपनी मां और तारापुर की पूर्व विधायक स्वर्गीय पार्वती देवी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री मुंगेर जिले के असरगंज प्रखंड स्थित तारापुर के बीएड कॉलेज, पार्वती नगर पहुंचे और स्वर्गीय पार्वती देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अपनी मां को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
मां के स्नेह और संस्कार को किया याद
मुख्यमंत्री ने अपनी मां को याद करते हुए कहा कि मातृशक्ति के रूप में उनका स्नेह, संस्कार और सेवा की भावना हमेशा याद की जाती रहेगी। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय पार्वती देवी का जीवन और उनके दिए संस्कार आने वाली पीढ़ियों को लगातार प्रेरणा देते रहेंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी मां की पुण्य स्मृतियां परिवार के सदस्यों और शुभचिंतकों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी। उन्होंने अपनी मां के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके जीवन से मिले संस्कारों को भी याद किया।
परिवार के सदस्यों ने भी दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी ने अपनी पत्नी स्वर्गीय पार्वती देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और उन्हें नमन किया।पार्वती देवी की पुण्यतिथि के मौके पर बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे। लोगों ने भी उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके जीवन को याद किया।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पथ निर्माण मंत्री ईं. कुमार शैलेंद्र, विधायक कुमार प्रणय, विधायक ललित नारायण मंडल और विधायक मनीष कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पूर्व विधायक राजीव कुमार सिंह ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।इसके अलावा मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मुंगेर के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर और पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद सहित कई वरीय अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।कार्यक्रम में गणमान्य लोगों के साथ बड़ी संख्या में आमजन भी मौजूद थे। सभी ने स्वर्गीय पार्वती देवी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।







