Founder – Mohan Milan

राजकीय पुरस्कार से सम्मानित प्रधानाध्यापिका डॉ. नीलू रानी का विद्यालय में भव्य सम्मान

मधेपुरा,अंग भारत। कुमारखंड प्रखंड के कावेश्वर उत्क्रमित उच्चतर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका डॉ. नीलू रानी को राजकीय शिक्षक पुरस्कार मिलने के बाद विद्यालय परिवार और स्थानीय ग्रामीणों की ओर से भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, ग्रामीण और शिक्षक शामिल हुए। सभी ने डॉ. नीलू रानी को इस उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।

गाजे-बाजे के साथ हुआ स्वागत

विद्यालय पहुंचने पर डॉ. नीलू रानी का विद्यालय परिवार और स्थानीय लोगों ने गाजे-बाजे के साथ रेड कार्पेट पर भव्य स्वागत किया। इसके बाद विद्यालय के सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आसपास के कई विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और शिक्षक भी शामिल हुए।बताया गया कि शिक्षक दिवस के अवसर पर पटना में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के हाथों डॉ. नीलू रानी को राजकीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। पुरस्कार मिलने के बाद विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने उनकी इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।

विद्यालय की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका

समारोह में स्थानीय लोगों ने कहा कि प्रधानाध्यापिका का दायित्व संभालने के बाद विद्यालय की दशा और दिशा में लगातार सकारात्मक बदलाव आया है। उनकी मेहनत, लगन और समर्पण से विद्यालय को नई पहचान मिली है। लोगों ने कहा कि राजकीय शिक्षक पुरस्कार मिलना विद्यालय के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि विद्यालय आगे भी इसी तरह प्रगति करता रहेगा और यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं मिलती रहेंगी। लोगों ने डॉ. नीलू रानी को भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने की भी कामना की।

शिक्षकों और सहयोगियों को किया सम्मानित

समारोह के दौरान डॉ. नीलू रानी ने विद्यालय की जमीन दाता के परिजनों, जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों को अंगवस्त्र और कलम भेंट कर सम्मानित किया। वहीं विद्यालय के शिक्षकों को मोमेंटो, अंगवस्त्र, फूल-माला और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।इस दौरान विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने भी प्रधानाध्यापिका के कार्यों की सराहना की। लोगों ने कहा कि विद्यालय की बेहतरी के लिए उनके प्रयासों से विद्यार्थियों को भी लगातार लाभ मिल रहा है।

30 हजार की सम्मान राशि विद्यालय को दान

राजकीय शिक्षक पुरस्कार के दौरान शिक्षा विभाग की ओर से मिली 30 हजार रुपये की सम्मान राशि का चेक भी डॉ. नीलू रानी ने विद्यालय को दान कर दिया। उन्होंने कहा कि इस राशि का इस्तेमाल विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों की बेहतरी के लिए किया जाएगा।उनके इस फैसले की विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने सराहना की। लोगों ने कहा कि पुरस्कार के साथ मिली राशि को विद्यालय के लिए देना उनके विद्यालय के प्रति समर्पण को दिखाता है।

‘यह सम्मान अकेले मेरा नहीं’

अपने संबोधन में डॉ. नीलू रानी ने कहा कि उन्हें मिला राजकीय सम्मान सिर्फ उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि यह विद्यालय के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों का भी सम्मान है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और विश्वास के बिना यह मुकाम हासिल करना संभव नहीं था।उन्होंने विद्यालय परिवार, ग्रामीणों, अभिभावकों और समारोह में मौजूद अतिथियों के प्रति आभार जताया। साथ ही उन्होंने कहा कि आगे भी सभी का सहयोग और मार्गदर्शन इसी तरह मिलता रहे। डॉ. नीलू रानी ने विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने और विद्यालय को लगातार आगे बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करते रहने का भरोसा दिलाया।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon