कोलकाता,अंग भारत। पश्चिम बंगाल की पहली भाजपा सरकार के मंत्रिमंडल का सोमवार को बड़े पैमाने पर विस्तार किया गया। कोलकाता स्थित लोकभवन में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आर. एन. रवि ने 35 नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस विस्तार के साथ मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार का मंत्रिमंडल अब कुल 41 सदस्यों का हो गया है।
Read more……………बंगाल में महिलाओं को बड़ी सौगात, सरकारी बसों में सफर मुफ्त
वंदे मातरम् के साथ शुरू हुआ शपथ ग्रहण समारोह
शपथ ग्रहण कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रीय गान के साथ की गई। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी स्वयं समारोह में मौजूद रहे। उन्होंने एक दिन पहले ही मंत्रिमंडल विस्तार की घोषणा करते हुए 35 नए मंत्रियों के शामिल होने की जानकारी दी थी।मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल ने नए मंत्रियों के नामों की सूची पढ़ी, जिसके बाद एक-एक कर सभी ने शपथ ग्रहण की।
पूर्ण मंत्री, स्वतंत्र प्रभार और राज्य मंत्रियों की सूची
कैबिनेट में कई वरिष्ठ नेताओं को पूर्ण मंत्री के रूप में शामिल किया गया है। इनमें तापस राय, मनोज उरांव, अर्जुन सिंह, गौरीशंकर घोष, दीपक बर्मन, अरूप कुमार दास, स्वपन दासगुप्ता, कल्याण चक्रवर्ती, शंकर घोष और दुधकुमार मंडल शामिल हैं।स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्रियों के रूप में मालती रावा राय, राजेश महतो और इंद्रनील खां ने शपथ ली।राज्य मंत्रियों की सूची में अशोक डिंडा, कौशिक चौधरी, जुएल मुर्मू, हरेकृष्ण बेरा, शांतनु प्रमाणिक, उमेश राय, पूर्णिमा चक्रवर्ती, भास्कर भट्टाचार्य, दिवाकर घरामी, चांद बाउड़ी, गर्गी दास घोष, अमिय किस्कू, कलिता माझी, विराज विश्वास, सुमना सरकार, आनंदमय बर्मन, विशाल लामा और दीपंकर जाना सहित कई नाम शामिल हैं।
पारंपरिक परिधान में पहुंचे मंत्री
शपथ ग्रहण समारोह में अधिकतर नव-नियुक्त मंत्री पारंपरिक बंगाली परिधान धोती-कुर्ता पहनकर पहुंचे। कई मंत्री अपने परिवार के सदस्यों के साथ भी कार्यक्रम में शामिल हुए, जिससे माहौल काफी उत्सवपूर्ण दिखाई दिया।इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री एवं बालुरघाट सांसद सुकांत मजूमदार, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और मंत्री अग्निमित्रा पाल भी मौजूद रहीं।
विभागों के बंटवारे का इंतजार
हालांकि शपथ ग्रहण पूरा हो चुका है, लेकिन नए मंत्रियों को विभागों का आवंटन अभी तक नहीं किया गया है। सूत्रों के अनुसार सभी मंत्री शपथ के बाद सीधे नवान्न के लिए रवाना होंगे, जहां मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि इसी बैठक में विभागों का बंटवारा किया जा सकता है।
पूर्ण कैबिनेट का हुआ गठन
गौरतलब है कि इससे पहले 09 मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शपथ ली थी। उस समय उनके साथ कुछ चुनिंदा मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण किया था। अब 35 नए मंत्रियों के शामिल होने के बाद राज्य की भाजपा सरकार का मंत्रिमंडल पूर्ण आकार में पहुंच गया है।










