कोलकाता,अंग भारत। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना से सामने आ रहे ताजा रुझानों ने राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव होने के संकेत दे दिए हैं। दोपहर करीब दो बजे तक 293 में से 292 सीटों के रुझान सामने आ चुके हैं, जिनमें भारतीय जनता पार्टी 193 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं तृणमूल कांग्रेस 94 सीटों पर आगे चल रही है|अन्य दलों की बात करें तो आम जनता उन्नयन पार्टी 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट, कांग्रेस और माकपा एक-एक सीट पर आगे चल रहे हैं। इन आंकड़ों ने भाजपा को निर्णायक बढ़त की ओर खड़ा कर दिया है।
Read more………..बंगाल रुझान: BJP आगे, सम्राट चौधरी का बड़ा बयान
भवानीपुर में ममता ने बनाई बढ़त
कोलकाता की हाई प्रोफाइल भवानीपुर सीट पर शुरुआती पिछड़ने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वापसी करते हुए बढ़त बना ली है। वह अपने प्रतिद्वंदी भाजपा के शुभेंदु अधिकारी से 15,494 वोटों से आगे चल रही हैं।हालांकि तृणमूल कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता पीछे चल रहे हैं, जिससे पार्टी के लिए स्थिति चुनौतीपूर्ण होती दिख रही है। इनमें ब्रात्य बसु, मलय घटक, शशि पांजा, उदयन गुहा, परेश चंद्र अधिकारी, सुजीत बसु, बीरवाहा हांसदा, राजीव बनर्जी और इंद्रनील सेन जैसे नाम शामिल हैं।
भाजपा नेताओं की मजबूत स्थिति
दूसरी ओर भाजपा के कई प्रमुख उम्मीदवार निर्णायक बढ़त बनाए हुए हैं। इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री निशिथ प्रमाणिक, रूपा गांगुली, दिलीप घोष, स्वप्न दासगुप्ता और अर्जुन सिंह जैसे बड़े नाम शामिल हैं।इसके अलावा संदेशखाली आंदोलन से चर्चा में आई रेखा पात्रा, अग्निमित्रा पाल और अन्य उम्मीदवार भी बढ़त बनाए हुए हैं। शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम सीट से आगे चल रहे हैं, जिससे भाजपा खेमे में उत्साह बना हुआ है।
औद्योगिक क्षेत्र में भाजपा का दबदबा
पश्चिम बर्धमान जिले के औद्योगिक क्षेत्र आसनसोल-दुर्गापुर की सभी नौ सीटों पर भाजपा उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं। रानीगंज, जामुड़िया, कुल्टी, आसनसोल उत्तर और दक्षिण सहित कई सीटों पर पार्टी मजबूत स्थिति में है।इन क्षेत्रों में लगातार मिल रही बढ़त से यह संकेत मिल रहा है कि औद्योगिक इलाकों में भाजपा को व्यापक समर्थन मिल रहा है।
जंगलमहल और उत्तर बंगाल में पकड़ मजबूत
जंगलमहल क्षेत्र के पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा, पुरुलिया और झाड़ग्राम जिलों में भाजपा की स्थिति मजबूत नजर आ रही है। आदिवासी बहुल इन इलाकों में पार्टी की बढ़त को बड़ा राजनीतिक संकेत माना जा रहा है।वहीं उत्तर बंगाल के मालदा, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार जिलों में भी भाजपा आगे चल रही है। उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर में भी मुकाबला कड़ा है, लेकिन भाजपा यहां भी अच्छी स्थिति में दिखाई दे रही है।
ममता बनर्जी ने लगाए आरोप
इस बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने कार्यकर्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि कोई भी उम्मीदवार या एजेंट मतगणना केंद्र न छोड़े।ममता ने भाजपा पर साजिश का आरोप लगाते हुए कहा कि जिन सीटों पर भाजपा आगे है, उनकी जानकारी तेजी से दी जा रही है, जबकि जहां तृणमूल आगे है वहां गिनती में देरी की जा रही है। उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।
अंतिम नतीजों पर टिकी नजर
हालांकि अभी ये केवल रुझान हैं और अंतिम परिणाम आना बाकी है। मतगणना के आगे के राउंड में स्थिति बदल भी सकती है।फिलहाल, बंगाल की राजनीति में हलचल तेज है और सभी की नजर अंतिम नतीजों पर टिकी हुई है, जो राज्य की सत्ता की दिशा तय करेंगे।










2 Responses