रजौन/बांका/अंग भारत। क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी रेलवे समस्याओं को लेकर धोरैया विधायक मनीष कुमार की पहल पर पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने बड़ा सकारात्मक रुख दिखाया है। विधायक द्वारा जनहित में भेजे गए मांग पत्र का जवाब देते हुए मालदा मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक अमरेंद्र कुमार मौर्य ने आधिकारिक रूप से बताया कि पुनसिया हॉल्ट के प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने और उसके विस्तार कार्य को जीएम स्तर से स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही इस पर जमीनी काम शुरू होगा। वहीं रजौन प्रखंड क्षेत्र के लोगों की सबसे प्रमुख मांग धौनी स्टेशन पर कवि गुरु एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर भी बड़ी प्रगति हुई है। इस ठहराव के लिए स्थानीय जनता और धौनी रेलवे स्टेशन संघर्ष समिति लंबे समय से चरणबद्ध आंदोलन करती आ रही थी, जहां अब तक लोगों को सिर्फ आश्वासनों से ही संतोष करना पड़ा था। अब रेलवे प्रशासन ने इस मांग पर ठोस कदम उठाते हुए सक्षम प्राधिकारी की संस्तुति के साथ कवि गुरु एक्सप्रेस के धौनी में ठहराव का आधिकारिक प्रस्ताव जोनल मुख्यालय भेज दिया है। विधायक मनीष कुमार ने इसे क्षेत्र की जनता के संघर्ष और विश्वास की जीत बताते हुए कहा कि पुनसिया हॉल्ट का विस्तार और कवि गुरु एक्सप्रेस के ठहराव की अनुशंसा एक सुखद संकेत है, तथा इस ठहराव को धरातल पर जल्द लागू कराने और धौनी स्टेशन के संपूर्ण विकास के लिए वे जल्द ही उच्च अधिकारियों व रेल मंत्री से मिलकर अंतिम मुहर लगवाएंगे।








