पटना,अंग भारत। बिहार में किसानों को डिजिटल व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में मंगलवार को बड़ा कदम उठाया गया। राज्य के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कृषि भवन सभागार से फार्मर रजिस्ट्री के दूसरे चरण की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान पटना जिले के फुलवारीशरीफ प्रखंड के किसानों की फार्मर आईडी बनाकर अभियान की शुरुआत की गई।
Read more…………..जदयू कार्यालय में रोजाना होगी जनसुनवाई व्यवस्था
डिजिटल इंडिया विजन से जुड़ रहा बिहार का किसान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि यह बिहार के कृषि क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और गौरवशाली क्षण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल इंडिया विजन के तहत किसानों को तकनीक से जोड़ने का काम तेजी से किया जा रहा है। उनका मानना है कि तकनीक और किसान का मेल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाएगा।मंत्री ने कहा कि एग्री-स्टैक योजना सरकार और किसानों के बीच मजबूत सेतु का काम करेगी। इससे बिचौलियों की भूमिका कम होगी और योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचेगा।
47 लाख से अधिक किसानों की बनी फार्मर आईडी
कृषि मंत्री ने बताया कि बिहार में अब तक 47 लाख 85 हजार किसानों की फार्मर आईडी बनाई जा चुकी है। राज्य में कुल 4 करोड़ 54 लाख जमाबंदी कायम है। कृषि विभाग के पोर्टल पर 88 लाख 40 हजार किसानों का ई-केवाईसी पूरा किया गया है। इनमें से 40 लाख 54 हजार किसानों की आईडी बननी अभी बाकी है।उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि राज्य का कोई भी किसान इस डिजिटल डेटाबेस से वंचित न रहे। फार्मर आईडी किसानों के लिए डिजिटल पहचान पत्र की तरह काम करेगी।
किसानों को सीधे मिलेगा योजनाओं का लाभ
मंत्री ने कहा कि फार्मर आईडी बनने के बाद किसानों को खाद, बीज, ऋण और फसल सहायता जैसी सुविधाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के सीधे खाते में मिलेगा। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर भी रोक लगेगी।उन्होंने बताया कि पहले चरण में बिहार ने 55 प्रतिशत से अधिक लक्ष्य हासिल किया है। पीएम-किसान योजना के 23 लाख 79 हजार लाभार्थी किसानों की फार्मर आईडी भी बनाई जा चुकी है।
बिहार को मिली 269 करोड़ की प्रोत्साहन राशि
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत के कारण बिहार को भारत सरकार से 269 करोड़ 88 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्राप्त हुई है। उन्होंने दूसरे चरण को मिशन बताते हुए कहा कि सरकार हर किसान तक इस योजना का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम के दौरान फुलवारीशरीफ प्रखंड के किसान लछमिनिया देवी, सुनील कुमार सिंह, रामप्रवेश सिंह, अजय कुमार और उदय कुमार को फार्मर आईडी प्रदान की गई।










