गुवाहाटी,अंग भारत। असम विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना सोमवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। सुबह ठीक आठ बजे पोस्टल बैलेट की गिनती के साथ मतगणना प्रक्रिया का आगाज हुआ। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के मतों की गिनती की जाएगी।राज्य के 40 मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जहां शांतिपूर्ण तरीके से मतों की गणना जारी है। असम के 126 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ रहे कुल 722 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला आज होना है।
Read more…………असम चुनाव में रिकॉर्ड मतदान, 4 मई को होगी मतगणना
कड़ी सुरक्षा में हो रही मतों की गिनती
मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हर केंद्र पर पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था को रोका जा सके। सुबह से ही मतगणना केंद्रों के बाहर लोगों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की भीड़ देखी जा रही है।प्रशासन ने मतगणना प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की है। हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है ताकि चुनाव परिणामों को लेकर किसी तरह का विवाद उत्पन्न न हो।
एक चरण में हुआ था रिकॉर्ड मतदान
गौरतलब है कि असम में विधानसभा चुनाव के लिए 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान कराया गया था। इस बार राज्य में रिकॉर्ड 85.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत माना जा रहा है।उच्च मतदान प्रतिशत को देखते हुए राजनीतिक दलों के बीच कड़ी टक्कर की संभावना जताई जा रही है। मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी ने इस चुनाव को और भी महत्वपूर्ण बना दिया है।
कई दलों के उम्मीदवार मैदान में
इस चुनाव में विभिन्न राजनीतिक दलों ने अपने-अपने उम्मीदवार उतारे हैं। सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 90 सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े किए, जबकि असम गण परिषद (अगप) ने 26 सीटों पर चुनाव लड़ा। बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने 11 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे।वहीं, कांग्रेस ने 99 सीटों पर, असम जातीय परिषद ने 10 सीटों पर, राइजर दल ने 13 सीटों पर अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे। इसके अलावा झारखंड मुक्ति मोर्चा, यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल, सीपीआई, नेशनल पीपुल्स पार्टी, एआईयूडीएफ, तृणमूल कांग्रेस, आम आदमी पार्टी सहित कई अन्य दल भी चुनावी मुकाबले में शामिल हैं।इसके साथ ही 259 उम्मीदवार निर्दलीय के रूप में चुनाव मैदान में उतरे, जिससे मुकाबला और अधिक दिलचस्प हो गया है।
परिणाम तय करेंगे सत्ता का समीकरण
आज होने वाली मतगणना से यह साफ हो जाएगा कि राज्य में किस दल या गठबंधन की सरकार बनेगी। सभी प्रमुख राजनीतिक दलों की नजर परिणामों पर टिकी हुई है
मतगणना के शुरुआती रुझान आने के साथ ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है, जबकि उम्मीदवारों की धड़कनें भी तेज हो गई हैं।फिलहाल, पूरे राज्य में शांतिपूर्ण माहौल के बीच मतगणना जारी है और लोगों को अंतिम परिणाम का इंतजार है, जो असम की राजनीतिक दिशा तय करेगा।











One Response