रातभर हुई बारिश, सुबह लोगों की बढ़ी मुश्किलें
कोलकाता,अंग भारत | कोलकाता और आसपास के इलाकों में गुरुवार रात से लगातार हो रही बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया। ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, स्कूल-कॉलेज के छात्र और रोजाना सफर करने वाले लोग सबसे ज्यादा परेशान नजर आए।मौसम विभाग ने सोमवार तक बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में अगले कुछ दिन भी राहत मिलने की उम्मीद कम है।
सड़कें बनीं तालाब, कई जगह लगा लंबा जाम
शुक्रवार दोपहर तक धर्मतला, सेंट्रल एवेन्यू और मध्य कोलकाता के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। स्ट्रैंड रोड पर एक बड़ा पेड़ गिरने से कुछ देर के लिए ट्रैफिक पूरी तरह रुक गया। हालांकि दक्षिण कोलकाता में बाकी इलाकों के मुकाबले बारिश कुछ कम रही।सबसे खराब हाल वीआईपी रोड और चिनार पार्क इलाके का रहा। 45 नंबर बस स्टैंड पूरी तरह पानी में डूब गया। वहां खड़ी बसों के पहिए तक पानी में समा गए। वीआईपी रोड पर एक कार बीच सड़क में बंद हो गई और आधी कार पानी में डूब गई। बाद में क्रेन बुलाकर उसे हटाया गया। कई बाइक और छोटी गाड़ियों के इंजन भी पानी में बंद हो गए, जिससे लंबा जाम लग गया।
एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को भी हुई परेशानी
भारी बारिश का असर कोलकाता एयरपोर्ट जाने वाले रास्ते पर भी देखने को मिला। सड़क पर पानी भरने से यात्रियों को काफी दिक्कत हुई। खराब मौसम की वजह से कुछ समय के लिए उड़ानों का संचालन भी प्रभावित हुआ, जिससे कई यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।
निचले इलाकों में घरों तक पहुंचा पानी
चिनार पार्क के अलावा कैखाली, दमदम, बरानगर, बैरकपुर और सोदपुर जैसे निचले इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई जगह सड़कों पर इतना पानी भर गया कि लोगों को पैदल निकलने में भी परेशानी हुई।वहीं हुगली जिले के चुंचुड़ा की मिलिट्री कॉलोनी में कई घरों में बारिश का पानी घुस गया। बैंडेल स्टेशन और उसके अंडरपास में भी पानी भरने के कारण कुछ समय के लिए आवाजाही रोकनी पड़ी। धर्मपुर, नलडांगा और आसपास के इलाकों में भी लोग जलभराव से जूझते रहे।
प्रशासन बोला- हालात पर नजर है
बारिश के बीच शहर की तैयारियों को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। हालांकि कोलकाता ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि सुबह 11 बजे तक हालात ज्यादा खराब नहीं थे, लेकिन उसके बाद तेज बारिश होने से कई इलाकों में पानी भर गया। पुलिस और प्रशासन लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं।कोलकाता नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि शहर में जलनिकासी की पूरी व्यवस्था सक्रिय है। बूस्टर पंप, पंपिंग स्टेशन और लॉकगेट लगातार चलाए जा रहे हैं। निकासी विभाग की टीमें भी अलग-अलग इलाकों में तैनात हैं ताकि पानी जल्द निकाला जा सके।
अभी और बारिश के आसार
अलीपुर मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार तक कोलकाता और आसपास के इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।कोलकाता के अलावा हावड़ा, हुगली और उत्तर 24 परगना में भी लगातार बारिश होने का अनुमान है। वहीं दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, नदिया, मुर्शिदाबाद और पूर्व बर्धमान में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। उत्तर बंगाल के कई जिलों में भी बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।










