पूर्णिया,अंग भारत। बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने जिला पशुपालन कार्यालय परिसर स्थित डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान दलों को उपलब्ध कराई जाने वाली मतदान सामग्री के वितरण और पैकेजिंग की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप सभी मतदान सामग्रियों का सही तरीके से मिलान कर पैकिंग सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी ने सामग्री वितरण की प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित रखने पर जोर दिया, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न नहीं हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियां समय पर पूरी करने तथा चुनाव कार्य में पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।कोशी स्नातक निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। मतदान दलों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सामग्री उपलब्ध कराने और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।








