वाशिंगटन,अंग भारत। अमेरिका के इडाहो राज्य में आयोजित एक बड़े एयर शो के दौरान बड़ा हादसा हो गया। माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर आयोजित ‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ शुरू होने से पहले ही दो अमेरिकी लड़ाकू विमान हवा में आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों विमान आग की लपटों में घिर गए और कुछ ही देर में मलबे में बदल गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों विमानों में मौजूद चालक दल के सभी चार सदस्य सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
Read more…………..अमेरिका को चुनौती! होर्मुज पर नया नियम लाएगा ईरान
हवा में टकराए दो अमेरिकी फाइटर जेट
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह हादसा रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। एयर शो के दौरान दोनों लड़ाकू विमान करतब दिखा रहे थे, तभी अचानक वे हवा में एक-दूसरे के बेहद करीब आ गए और टकरा गए। टक्कर के तुरंत बाद दोनों विमानों में आग लग गई और वे जमीन की ओर गिरने लगे।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद एयर फोर्स बेस पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हुईं और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया।
सभी चार चालक दल सुरक्षित
अमेरिकी नौसेना की प्रवक्ता अमेलिया उमयम ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों विमान अमेरिकी नौसेना के ईए-18जी ग्रोवलर फाइटर जेट थे, जिन्हें इलेक्ट्रॉनिक अटैक स्क्वाड्रन 129 में तैनात किया गया था।उन्होंने कहा कि दोनों विमानों में मौजूद चालक दल के चारों सदस्य समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हादसे में किसी दर्शक या सैन्य अड्डे पर मौजूद नागरिक के घायल होने की सूचना नहीं है।
करोड़ों डॉलर के विमान हुए तबाह
अमेरिकी नौसेना के अनुसार ईए-18जी ग्रोवलर विमान अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक युद्ध क्षमता से लैस होते हैं। प्रत्येक विमान की कीमत करीब 67 मिलियन डॉलर बताई जा रही है। हादसे के बाद दोनों विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। विशेषज्ञों की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर हवा में दोनों विमान कैसे टकरा गए।
एयर शो तुरंत रद, बेस के आसपास जाने पर रोक
एयर शो आयोजन से जुड़ी संस्था सिल्वर विंग्स ऑफ इडाहो की मार्केटिंग डायरेक्टर किम साइक्स ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद पूरे कार्यक्रम को रद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि सबसे राहत की बात यह है कि किसी की जान नहीं गई।माउंटेन होम एयर फोर्स बेस प्रशासन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि हादसे के बाद बेस को तत्काल सील कर दिया गया है। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे बेस के आसपास जाने से बचें।यह एयर शो एविएशन इतिहास और आधुनिक सैन्य क्षमताओं के प्रदर्शन के लिए काफी लोकप्रिय माना जाता है। कार्यक्रम में हवाई करतब, पैराशूट जंप और अमेरिकी एयर फोर्स के प्रसिद्ध थंडरबर्ड्स स्क्वाड्रन का प्रदर्शन भी शामिल होना था। लेकिन हादसे के बाद पूरा आयोजन रद कर दिया गया।











