बांका,अंग भारत। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर बेलहर विधायक मनोज यादव ने मंगलवार को पटना में बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) मंत्री संजय सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बांका जिले से गुजरने वाले कांवरिया पथ पर पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने और खराब पड़े जलस्रोतों की मरम्मत कराने की मांग उठाई।
Read more……………राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों में चयनित प्रशिक्षुओं का आईटीआई बांका में सम्मान
कांवरिया पथ पर पेयजल सुविधा मजबूत करने की मांग
विधायक मनोज यादव ने मंत्री को अवगत कराया कि कांवरिया मार्ग पर कई चापाकल तथा पीएचईडी द्वारा निर्मित जल मीनार लंबे समय से खराब पड़े हैं। श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालु इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं, ऐसे में पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने पर कांवरियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।उन्होंने कहा कि हर वर्ष देश के विभिन्न राज्यों से लाखों शिवभक्त सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर पैदल बाबा बैद्यनाथ धाम तक की यात्रा करते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल और स्नान की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी गहराया पेयजल संकट
मुलाकात के दौरान विधायक ने भीषण गर्मी और गिरते जलस्तर के कारण ग्रामीण इलाकों में उत्पन्न पेयजल संकट का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि कई गांवों में चापाकल और नल-जल योजनाएं बंद पड़ी हैं, जिससे लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी जुटाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।विधायक ने मांग की कि खराब पड़े सभी चापाकलों और नल-जल योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर चालू कराया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
मंत्री ने दिया त्वरित कार्रवाई का भरोसा
पीएचईडी मंत्री संजय सिंह ने विधायक को आश्वस्त किया कि श्रावणी मेला शुरू होने से पहले कांवरिया पथ पर बंद पड़े चापाकलों और जल मीनारों की मरम्मत कर उन्हें चालू करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विभाग पूरी तरह सतर्क है।मंत्री ने यह भी भरोसा दिलाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे और खराब पड़े जलस्रोतों को जल्द दुरुस्त कराया जाएगा।
श्रावणी मेला की तैयारियों पर प्रशासन की नजर
श्रावणी मेला बिहार और झारखंड का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन माना जाता है, जिसमें लाखों श्रद्धालु भाग लेते हैं। ऐसे में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं और कांवरिया पथ पर बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।











