Founder – Mohan Milan

मुजफ्फरपुर की शाही लीची बाजार में पहुंची, कीमत 400 सैकड़ा

मुजफ्फरपुर,अंग भारत। बिहार के मुजफ्फरपुर की विश्व प्रसिद्ध शाही लीची ने आखिरकार बाजार में दस्तक दे दी है। अपनी अनोखी मिठास, पतले छिलके और मनमोहक सुगंध के कारण देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी पहचान रखने वाली यह खास लीची अब शहर के प्रमुख बाजारों में दिखाई देने लगी है। सीजन की शुरुआती खेप बाजार में पहुंचते ही ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी है। हालांकि सीमित आवक की वजह से इसकी कीमत फिलहाल काफी ऊंची बनी हुई है और बाजार में शाही लीची 400 रुपये प्रति सैकड़ा यानी 100 पीस के हिसाब से बिक रही है।

Read more……….दरभंगा एयरपोर्ट पर CISF सुरक्षा की समीक्षा, CM सम्राट चौधरी का बड़ा प्लान

शुरुआती आवक से बढ़ी कीमत, बाजार में जबरदस्त मांग

मुजफ्फरपुर शहर के स्टेशन रोड, क्लब रोड समेत कई प्रमुख फल बाजारों में लाल रंग की आकर्षक शाही लीची ग्राहकों को अपनी ओर खींच रही है। दुकानदारों के अनुसार इस बार शुरुआती दौर में बागानों से कम मात्रा में तुड़ाई हो रही है। इसी कारण बाजार में इसकी उपलब्धता सीमित है जबकि मांग काफी ज्यादा बनी हुई है। स्थानीय लीची कारोबारी वीरू साह ने बताया कि शाही लीची का लोगों में अलग ही क्रेज देखने को मिलता है। जैसे ही सीजन की पहली खेप बाजार में आती है, लोग ऊंची कीमत होने के बावजूद इसे खरीदने पहुंच जाते हैं। यही कारण है कि 400 रुपये सैकड़ा की दर से भी इसकी बिक्री तेजी से हो रही है।

मई के अंत तक सस्ती होगी शाही लीची

फल व्यापारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में आम लोगों को कीमतों में राहत मिल सकती है। कांटी क्षेत्र से फल लेकर मुजफ्फरपुर पहुंचे व्यापारी विशाल साह ने बताया कि बागानों में बड़े स्तर पर तुड़ाई की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। अगले एक सप्ताह के भीतर बाजार में शाही लीची की आवक तेजी से बढ़ेगी। उम्मीद जताई जा रही है कि मई के अंतिम सप्ताह और जून के पहले सप्ताह तक बाजार पूरी तरह लीची से भर जाएगा। इसके बाद कीमतों में गिरावट आएगी और यह आम ग्राहकों की पहुंच में आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।

मिठास और सुगंध से बढ़ेगी देश-विदेश में मांग

कृषि विशेषज्ञों और बागान मालिकों का कहना है कि फिलहाल लीची में केवल शुरुआती रंगत आई है। मई के अंतिम दिनों में तेज धूप और अनुकूल मौसम मिलने के बाद फल पूरी तरह पक जाएगा। इसके साथ ही इसकी मिठास और रसीलापन भी बढ़ेगा। पूरी तरह तैयार होने पर शाही लीची की गुणवत्ता और सुगंध में और निखार आएगा, जिससे देश और विदेश के बाजारों में इसकी मांग कई गुना तक बढ़ सकती है।गौरतलब है कि मुजफ्फरपुर की शाही लीची को जीआई टैग प्राप्त है, जिसने इसकी पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया है। दिल्ली, मुंबई और कोलकाता जैसे बड़े शहरों के व्यापारी पहले ही मुजफ्फरपुर पहुंचने लगे हैं। आने वाले दिनों में रेलवे और हवाई मार्ग के जरिए देशभर में इसकी सप्लाई तेज होने की संभावना है। ऐसे में एक बार फिर मुजफ्फरपुर की शाही लीची बाजार में अपनी मिठास घोलने को तैयार दिखाई दे रही है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

One Response