गुवाहाटी,अंग भारत। असम विधानसभा के जारी अधिवेशन के चौथे दिन मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने राज्यपाल के अभिभाषण पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए सरकार की उपलब्धियों और राजनीतिक स्थिति पर विस्तार से अपनी बात रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने राज्य में ऐतिहासिक जनसमर्थन हासिल कर नया राजनीतिक मील का पत्थर स्थापित किया है।
Read more……………असम के पलाशबाड़ी में दर्दनाक हादसा, चार युवकों की मौत
लगभग एक करोड़ मतदाताओं का मिला समर्थन
मुख्यमंत्री ने सदन में कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी दलों को असम की जनता का व्यापक समर्थन मिला है। उन्होंने बताया कि भाजपा को 82 लाख, असम गण परिषद को 14 लाख और बीपीएफ को करीब 8 लाख वोट मिले।उन्होंने कहा कि गठबंधन को कुल मिलाकर लगभग एक करोड़ मतदाताओं का समर्थन प्राप्त हुआ, जिसके बल पर एनडीए ने 102 सीटों पर जीत दर्ज की। मुख्यमंत्री ने इसे असम की राजनीति में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
हिंसामुक्त असम की दिशा में बढ़ रहा राज्य
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने राज्य में कानून व्यवस्था और शांति बहाली को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि पहले जहां असम बम विस्फोट और आंदोलनकारी हिंसा की घटनाओं से प्रभावित रहता था, वहीं अब स्थिति में बड़ा बदलाव आया है।मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में हिंसक गतिविधियों में लगातार कमी आई है और असम अब शांति और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से कई उग्रवादी संगठन मुख्यधारा में लौटे हैं।
छह हजार युवाओं की हुई मुख्यधारा में वापसी
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न शांति समझौतों के जरिए करीब छह हजार युवाओं को मुख्यधारा में वापस लाया गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि राज्य में सक्रिय उल्फा उग्रवादियों की संख्या में भी उल्लेखनीय कमी आई है।सरमा ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है ताकि वे हिंसा छोड़कर सामान्य जीवन की ओर लौटें।
दो लाख सरकारी नौकरियों पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने सदन में कहा कि शपथ लेने के बाद से ही उनकी सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है।उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भर्ती प्रक्रिया को और तेज किया जाएगा ताकि राज्य के युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की महिलाएं विकास प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है।उन्होंने कहा कि महिलाएं केवल घर और रसोई तक सीमित नहीं रहना चाहतीं, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी योगदान देना चाहती हैं। इसी उद्देश्य से सरकार महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रही है।
महंगाई और पेट्रोल कीमतों पर भी बोले मुख्यमंत्री
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों और महंगाई के मुद्दे पर भी चर्चा की। उन्होंने राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान उठाए गए लगभग सभी मुद्दों पर जवाब देने की कोशिश की।










