पटना,अंग भारत। मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 2026 के घोषित परिणाम में बिहार के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। खास तौर पर नवादा जिले के वारिसलीगंज निवासी आयुष भलोटिया ने पूरे देश में ऑल इंडिया रैंक (AIR)-4 हासिल कर बिहार का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से परिवार, शिक्षकों और पूरे राज्य में खुशी का माहौल है।नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा जारी परिणाम में बिहार के कई छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। राज्य के चार छात्रों ने देश के टॉप-138 अभ्यर्थियों में अपनी जगह बनाई है, जो बिहार के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
आयुष ने 710 अंक हासिल कर रचा इतिहास
आयुष भलोटिया ने 710 अंक प्राप्त कर देशभर में चौथा स्थान हासिल किया। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने नियमित पढ़ाई और अनुशासित दिनचर्या को दिया।आयुष ने बताया कि उन्होंने हर दिन 5 से 7 घंटे सेल्फ स्टडी की और करीब 6 घंटे नियमित क्लास पर पूरा ध्यान दिया। उनका कहना है कि लगातार मेहनत, सही रणनीति और समय का बेहतर उपयोग ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी वजह रही।उन्होंने कहा कि परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने किसी तरह का शॉर्टकट नहीं अपनाया, बल्कि हर विषय को अच्छी तरह समझने और नियमित अभ्यास पर जोर दिया।
बिहार के अन्य छात्रों ने भी किया शानदार प्रदर्शन
आयुष के अलावा बिहार की रिया रंजन ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक-6 हासिल की है। वहीं रविकांत दीघवार को 55वीं रैंक और आदित्य कुमार को 73वीं रैंक मिली है।इन चारों छात्रों ने 690 से अधिक अंक हासिल कर देश के टॉप-138 छात्रों में अपनी जगह बनाई है। इससे साफ है कि इस बार मेडिकल प्रवेश परीक्षा में बिहार के छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
देशभर में दो छात्रों ने किया टॉप
इस वर्ष 715 अंक के साथ पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पंशुल बंसल ने संयुक्त रूप से पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया है।दोनों छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष रैंक साझा की। इसके बाद मेरिट सूची में देशभर के कई राज्यों के छात्रों ने जगह बनाई, जिसमें बिहार के छात्रों का प्रदर्शन भी काफी प्रभावशाली रहा।
इस बार छात्राओं का रहा दबदबा
एनटीए द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष 690 से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 138 अभ्यर्थियों में छात्राओं का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा।टॉप-138 की सूची में करीब 58 प्रतिशत छात्राएं और 42 प्रतिशत छात्र शामिल हैं। यानी इस बार मेरिट सूची में बेटियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए बढ़त बनाई है।शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि पिछले कुछ वर्षों में मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में छात्राओं की सफलता लगातार बढ़ रही है।
कटऑफ में भी हुई बड़ी बढ़ोतरी
इस बार नीट-यूजी की कटऑफ में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए कटऑफ पिछले वर्ष के 144 अंकों से बढ़कर 213 अंक हो गई है।वहीं ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग के लिए कटऑफ 113 अंक से बढ़कर 177 अंक पहुंच गई है।विशेषज्ञों का मानना है कि इस वर्ष छात्रों के बेहतर प्रदर्शन और प्रतियोगिता बढ़ने के कारण कटऑफ में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी बधाई
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आयुष भलोटिया की इस उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई दी है।मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि नीट-यूजी 2026 में बिहार के प्रतिभाशाली छात्र आयुष भलोटिया ने राज्य में सर्वोच्च स्थान और देशभर में चौथी रैंक हासिल कर पूरे बिहार का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने आयुष के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता राज्य के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
बिहार के लिए गर्व का क्षण
नीट-यूजी 2026 के परिणाम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बिहार के छात्र राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। आयुष भलोटिया सहित राज्य के चार छात्रों का देश के टॉप-138 में शामिल होना इस बात का प्रमाण है कि मेहनत, सही मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। अब इन प्रतिभाशाली छात्रों के देश के प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश का रास्ता साफ हो गया है, जहां वे भविष्य में बेहतर डॉक्टर बनकर देश की स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगे।







