हजारीबाग,अंग भारत। हजारीबाग में बुधवार सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। जाली नोटों के देशव्यापी नेटवर्क से जुड़े मामले में एनआईए की पटना शाखा ने शहर के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र के हुरहुरू में दो घरों में एक साथ छापेमारी की।
दो भाइयों के घर पर एक साथ रेड -: जानकारी के अनुसार दोनों मकान बाबा पथ के सुभाष बारला मार्ग पर स्थित हैं और दो सगे भाई प्रदीप साव और उदय साव के बताए जा रहे हैं। सुबह करीब एनआईए की टीम स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और दोनों घरों को घेरकर तलाशी शुरू कर दी।कार्रवाई के दौरान दोनों घरों के मुख्य दरवाजे बंद कर दिए गए और किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने से रोक दिया गया। अचानक हुई इस छापेमारी से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी फैल गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हवाला और जाली नोट के तार जुड़े होने का इनपुट -: प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक एनआईए देश भर में फैले जाली नोटों के नेटवर्क की जांच कर रही है। एजेंसी को इनपुट मिला था कि हजारीबाग के इस इलाके से जाली नोटों के कारोबार और हवाला लेन-देन के तार जुड़े हो सकते हैं। इसी खुफिया जानकारी के आधार पर टीम ने यह कार्रवाई की है।जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इन दोनों भाइयों का जाली नोटों के नेटवर्क से कोई सीधा संपर्क है या नहीं। हालांकि अभी तक किसी की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घंटों चली तलाशी, कोई गिरफ्तारी नहीं -: सूत्रों के अनुसार एनआईए की टीम ने दोनों घरों में अलग-अलग गहन तलाशी ली। इस दौरान अधिकारियों ने घर में रखे दस्तावेजों, मोबाइल फोन, लैपटॉप समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कागजातों को खंगाला। परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की गई। जांच का मुख्य फोकस जाली नोटों के कारोबार और हवाला नेटवर्क से जुड़े सबूत जुटाना था।सुबह से दोपहर तक चली तलाशी के बाद टीम दोनों घरों से निकल गई। इस दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। छापेमारी में क्या कुछ बरामद हुआ है, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है।एनआईए और स्थानीय पुलिस के अधिकारियों ने फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। तलाशी में मिले दस्तावेजों की जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।







