नई दिल्ली, अंग भारत। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बड़ा इजाफा किया गया है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस विपणन कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। इसके साथ ही सीएनजी की कीमत भी 2 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दी गई है। नई दरें आज से लागू हो गई हैं। करीब चार साल बाद ईंधन की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है।विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण तेल कंपनियों पर दबाव लगातार बढ़ रहा था। इसी वजह से कंपनियों ने ईंधन के दाम बढ़ाने का फैसला लिया। फिलहाल अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत करीब 106 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बनी हुई है।
Read more…………सोना हुआ महंगा, चांदी में आई बड़ी गिरावट से बाजार चौंका
दिल्ली से मुंबई तक बढ़े ईंधन के दाम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये से बढ़कर अब 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल का भाव 87.67 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।कोलकाता में पेट्रोल की कीमत में 3.29 रुपये का उछाल आया है, जिसके बाद वहां पेट्रोल 108.74 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं डीजल की कीमत 95.13 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है।देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल 3.14 रुपये महंगा होकर 106.68 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। मुंबई में डीजल की कीमत भी बढ़कर 93.14 रुपये प्रति लीटर हो गई है।दक्षिण भारत के प्रमुख शहर चेन्नई में पेट्रोल की कीमत में 2.83 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसके बाद वहां एक लीटर पेट्रोल 103.67 रुपये में मिल रहा है। वहीं डीजल की कीमत 95.25 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है।
सीएनजी महंगी होने से बढ़ी लोगों की चिंता
पेट्रोल-डीजल के साथ सीएनजी की कीमतों में भी 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है। इसका सीधा असर उन लोगों पर पड़ेगा जो रोजाना सार्वजनिक परिवहन या सीएनजी वाहनों का इस्तेमाल करते हैं। परिवहन लागत बढ़ने से आने वाले दिनों में अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है।ईंधन की कीमत बढ़ने के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सरकार को घेरते हुए लिखा कि “महंगाई मैन ने जनता पर हंटर चलाया।” वहीं समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि “आगे बढ़ना है तो साइकिल ही विकल्प है।”
आम लोगों पर बढ़ेगा महंगाई का असर
दिल्ली के प्रीत विहार स्थित एक पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने पहुंचे ग्राहकों ने भी कीमत बढ़ने पर चिंता जताई। एक ग्राहक ने कहा कि कच्चा तेल विदेशों से आता है और सरकार जो भी कदम उठा रही है, वह देशहित में होगा, लेकिन लगातार बढ़ती कीमतों से आम लोगों का बजट प्रभावित होना तय है।विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह ऊंची बनी रहीं, तो आने वाले समय में ईंधन की कीमतों में और बदलाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बढ़ी कीमतों ने आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।











One Response