Founder – Mohan Milan

बौंसी में पुलिस एक्शन, कट्टा-कारतूस संग आरोपी गिरफ्तार

बिहार,अंग भारत| बांका में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां एसआईटी की कार्रवाई में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। इस पूरे मामले की जानकारी बौंसी के एसडीपीओ इन्द्रजीत बैठा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी।बताया गया कि यह कार्रवाई बाराहाट थाना कांड संख्या 235/25 से जुड़ी हुई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम (SIT) इस मामले में लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में 22 अप्रैल की शाम बौंसी और बाराहाट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मरसा गांव में छापेमारी की।

Read more………मंदार पर्वत पर सुरक्षा बढ़ी, बैरिकेडिंग जल्द पूरी होगी

भागने की कोशिश में दबोचा गया आरोपी

छापेमारी के दौरान जैसे ही पुलिस टीम आरोपी के घर के पास पहुंची, एक व्यक्ति पीछे के रास्ते से भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि, मौके पर मौजूद सशस्त्र बल की सतर्कता के कारण उसे तुरंत पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मरसा गांव निवासी 50 वर्षीय प्रकाश पासवान के रूप में हुई है।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए बौंसी थाना लाया गया। प्रारंभिक पूछताछ में ही उसने अपने अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली।

घर से बरामद हुआ देशी कट्टा और कारतूस

पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार उसके घर में ही छिपाकर रखा गया है। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को साथ लेकर दोबारा उसके घर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया गया।तलाशी के दौरान घर के पूर्वी-दक्षिणी कमरे में रखे अनाज के बोरे के नीचे से एक देशी कट्टा बरामद किया गया, जबकि अलमारी से एक जिंदा कारतूस भी मिला। बरामदगी के बाद पुलिस ने विधिवत जप्ती सूची तैयार की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में बौंसी थाना कांड संख्या 87/26 के तहत आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।

कई आपराधिक मामलों में रहा है शामिल

पुलिस के अनुसार, प्रकाश पासवान का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उस पर चोरी, डकैती और आर्म्स एक्ट के कई मामले पहले से दर्ज हैं। ये मामले बांका, गोड्डा और दुमका जिले के विभिन्न थानों में दर्ज हैं।इतना ही नहीं, पुलिस ने उसे बाराहाट के चर्चित चोरी कांड का मुख्य साजिशकर्ता भी बताया है, जिसकी तलाश लंबे समय से की जा रही थी।इस पूरी कार्रवाई में बौंसी और बाराहाट थाना पुलिस के साथ डीआईयू टीम और सशस्त्र बल की अहम भूमिका रही। फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि इस मामले में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts