पीएम मोदी ने बंगाल के योगदान को बताया भारत की राष्ट्रीय चेतना का आधार
कोलकाता,अंग भारत। पश्चिम बंगाल दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यवासियों को शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने पश्चिम बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक योगदान और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका को याद करते हुए राज्य के लोगों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में पश्चिम बंगाल के सभी नागरिकों को बंगाल दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिन उस राज्य का उत्सव है जिसने साहित्य, संगीत, कला, आध्यात्मिकता, विज्ञान, व्यापार, वाणिज्य और समाज सुधार सहित अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देकर भारत के इतिहास और राष्ट्रीय चेतना को समृद्ध किया है।प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल ने समय-समय पर अनेक महत्वपूर्ण योगदान देकर देश की दिशा और दशा को प्रभावित किया है। उन्होंने राज्य की गौरवशाली परंपराओं और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बंगाल के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Read more………….बंगाल से मोदी का बड़ा ऐलान, किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
20 जून के ऐतिहासिक महत्व का किया उल्लेख
अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने 20 जून के ऐतिहासिक महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के इतिहास में यह दिन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन यह सुनिश्चित हुआ था कि पश्चिम बंगाल भारत का हिस्सा बना रहेगा। प्रधानमंत्री ने इस ऐतिहासिक प्रक्रिया में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को अमूल्य बताया।उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2026 में देश डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती मना रहा है। प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि केंद्र सरकार जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार के साथ मिलकर काम करती रहेगी। उन्होंने राज्य की निरंतर प्रगति और लोगों की खुशहाली के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
अमित शाह ने बंगाल की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को सराहा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पश्चिम बंगाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य की गौरवशाली विरासत को नमन किया। उन्होंने कहा कि समृद्ध संस्कृति, आध्यात्मिकता, ज्ञान और विज्ञान की भूमि बंगाल ने भक्ति आंदोलन, स्वतंत्रता संग्राम, भारतीय पुनर्जागरण और राष्ट्र निर्माण के हर दौर में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।अमित शाह ने स्वामी विवेकानंद, बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय, रवींद्रनाथ ठाकुर, नेताजी सुभाषचंद्र बोस और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी महान विभूतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा आज भी देश को मार्गदर्शन देती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल अपनी गौरवशाली परंपरा और वैभव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।गृह मंत्री ने मां दुर्गा से प्रार्थना करते हुए राज्य के सभी लोगों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की।



































