मुंबई,अंग भारत। फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर चल रहे विवाद के बीच फिल्म निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने अभिनेता रणवीर सिंह का खुलकर समर्थन किया है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) द्वारा रणवीर सिंह के खिलाफ असहयोग का निर्देश जारी किए जाने के बाद वर्मा ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया देते हुए फेडरेशन के फैसले पर सवाल खड़े किए हैं।
Read more……अक्षय कुमार की झोली में आई नई बड़ी फिल्म ‘सामुक’
FWICE के फैसले को बताया अनुचित
राम गोपाल वर्मा ने अपने बयान में कहा कि किसी निर्माता और अभिनेता के बीच हुए अनुबंध संबंधी विवाद में हस्तक्षेप करना किसी संघ का कार्यक्षेत्र नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों का निपटारा कानूनी प्रक्रिया और अदालतों के माध्यम से होना चाहिए, न कि किसी संगठन द्वारा एकतरफा निर्णय सुनाकर।वर्मा ने FWICE की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे कानूनी अधिकारों से रहित संस्था बताया और यहां तक कहा कि यह किसी “कंगारू कोर्ट” की तरह व्यवहार कर रही है। उनके अनुसार, यह कदम फिल्म उद्योग या श्रमिकों के हित में नहीं बल्कि शक्ति प्रदर्शन का प्रयास प्रतीत होता है।
रणवीर की सफलता से परेशान लोगों पर साधा निशाना
निर्देशक ने दावा किया कि रणवीर सिंह की लोकप्रियता और सफलता से असहज कुछ प्रभावशाली लोगों के दबाव में यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि अभिनेता पर दबाव बनाने के उद्देश्य से इस तरह के कदम उठाए जा रहे हैं, जो उचित नहीं हैं।राम गोपाल वर्मा का मानना है कि रणवीर सिंह जैसे कलाकार फिल्म इंडस्ट्री की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि बड़े सितारे न केवल फिल्मों को सफल बनाते हैं बल्कि हजारों-लाखों लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराते हैं। उनके मुताबिक, यदि रणवीर किसी नई परियोजना के लिए सहमति दे दें तो कई निर्माता उनके साथ काम करने के लिए तैयार मिलेंगे।
डॉन 3 से जुड़ा है पूरा विवाद
गौरतलब है कि विवाद की शुरुआत तब हुई जब रणवीर सिंह के कथित तौर पर फरहान अख्तर निर्देशित फिल्म ‘डॉन 3’ से अलग होने की खबर सामने आई। इसके बाद फिल्म निर्माताओं की ओर से दावा किया गया कि इस फैसले से उन्हें लगभग 45 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।इसी मामले को लेकर निर्माताओं ने FWICE से शिकायत की थी, जिसके बाद फेडरेशन ने रणवीर सिंह के खिलाफ असहयोग का निर्देश जारी किया। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर अभिनेता या उनकी टीम की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।फिलहाल, राम गोपाल वर्मा के बयान के बाद यह विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है और फिल्म उद्योग की नजरें आगे की घटनाओं पर टिकी हुई हैं।










