Founder – Mohan Milan

विक्रमशिला सेतु पर हल्के वाहनों का परिचालन सुरक्षित, आवागमन जारी रहेगा

सेतु की स्थिति को लेकर विभाग ने दी आधिकारिक जानकारी

भागलपुर,अंग भारत। विक्रमशिला सेतु पर वाहन परिचालन को लेकर विभिन्न मीडिया माध्यमों में प्रकाशित खबरों के बाद बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड, कार्य प्रमंडल, भागलपुर द्वारा स्थिति स्पष्ट की गई है। विभाग ने कहा है कि पुल पर हल्के वाहनों का आवागमन पूरी तरह सुरक्षित है और यह पूर्ववत सुचारू रूप से जारी रहेगा।

Read more………………लोक शिकायत निवारण में फिर अव्वल बना बांका जिला, राज्य रैंकिंग में शानदार प्रदर्शन

3 मई को क्षतिग्रस्त हुआ था सस्पेंडेड स्पैन का हिस्सा

वरीय परियोजना अभियंता के अनुसार 3 मई 2026 की मध्यरात्रि में विक्रमशिला सेतु के P2-P3 स्पैन का लगभग 34 मीटर लंबा सस्पेंडेड हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। घटना के बाद तत्काल विभागीय निर्देश के तहत सीमा सड़क संगठन (BRO) की मदद से क्षतिग्रस्त हिस्से पर बेली ब्रिज का निर्माण कराया गया।इसके लिए आईआईटी पटना द्वारा दिए गए प्रारंभिक तकनीकी प्रतिवेदन के आधार पर संबंधित स्पैन पर अस्थायी संरचना (बेली ब्रिज) स्थापित करने की प्रक्रिया पूरी की गई।

चार स्पैन पर बनाए गए बेली ब्रिज

जानकारी के अनुसार V5-P1, P1-P2, P2-P3 और P3-P4 स्पैन पर कुल चार बेली ब्रिज तैयार किए गए हैं, जिससे पुल की संरचनात्मक स्थिरता को अस्थायी रूप से सुनिश्चित किया जा सके।निर्माण कार्य के दौरान किए गए दृश्य निरीक्षण में बैलेंस्ड कैंटिलीवर स्पैन के एक्सपेंशन जॉइंट में कुछ गैप पाया गया था। भागलपुर की ओर यह गैप औसतन 90 से 100 मिलीमीटर तथा नवगछिया की ओर 40 से 50 मिलीमीटर दर्ज किया गया था।

मीडिया रिपोर्ट के बाद दोबारा हुआ निरीक्षण

10 जून 2026 को कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में एक्सपेंशन जॉइंट के गैप बढ़ने की खबरें प्रकाशित होने के बाद सेतु का पुनः निरीक्षण किया गया। इसके लिए ड्रोन, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के माध्यम से विस्तृत जांच की गई।इसके बाद 11 जून 2026 को आईआईटी पटना की विशेषज्ञ टीम और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड, पटना के उपमुख्य अभियंता द्वारा संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण किया गया। इस दौरान एक्सपेंशन जॉइंट की पुनः मापी की गई।

निरीक्षण में स्थिति पूर्ववत, कोई बदलाव नहीं

संयुक्त निरीक्षण में पाया गया कि एक्सपेंशन जॉइंट का गैप पहले की तरह ही यथावत है। भागलपुर की ओर 90 से 100 मिलीमीटर तथा नवगछिया की ओर 40 से 50 मिलीमीटर का अंतर पहले जैसी स्थिति में ही पाया गया। किसी प्रकार की वृद्धि या नई संरचनात्मक समस्या सामने नहीं आई।

हल्के वाहनों के लिए परिचालन पूरी तरह सुरक्षित

आईआईटी पटना और निगम मुख्यालय की तकनीकी टीमों ने निरीक्षण के बाद स्पष्ट किया कि विक्रमशिला सेतु पर हल्के वाहनों का परिचालन सुरक्षित है। इसके आधार पर निर्णय लिया गया है कि सेतु पर आवागमन निर्बाध रूप से जारी रहेगा।

प्रशासन ने दी भरोसे की जानकारी

विभाग ने आम जनता को आश्वस्त किया है कि पुल की नियमित निगरानी की जा रही है और सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही यात्रा करें।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

One Response

Recent Posts