Founder – Mohan Milan

देशभर में ईंधन की कीमतों में लगातार दूसरा इजाफा लागू

नई दिल्ली,अंग भारत। पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक तेल बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। आज जारी नई दरों के अनुसार पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम में करीब 90 पैसे प्रति लीटर तक की वृद्धि की गई है। यह एक हफ्ते के भीतर दूसरी बार किया गया इजाफा है, जिससे आम जनता पर महंगाई का बोझ और बढ़ गया है।

Read more……….पेट्रोल-डीजल महंगा होते ही कांग्रेस का मोदी सरकार पर हमला

दिल्ली में पेट्रोल-डीजल हुआ महंगा

इंडियन ऑयल के ताजा अपडेट के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 87 पैसे बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल के दाम में 91 पैसे की बढ़ोतरी हुई है और यह अब 91.58 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है।लगातार हो रही कीमतों में बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं के बजट पर असर पड़ना तय माना जा रहा है।

मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में भी बढ़े दाम

मुंबई में पेट्रोल 91 पैसे महंगा होकर 107.59 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि डीजल की कीमत में 94 पैसे की बढ़ोतरी के बाद यह 94.08 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है।कोलकाता में पेट्रोल की कीमत 96 पैसे बढ़कर 109.70 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल 94 पैसे महंगा होकर 96.07 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है।चेन्नई में भी ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यहां पेट्रोल 82 पैसे बढ़कर 104.49 रुपये प्रति लीटर और डीजल 86 पैसे बढ़कर 96.11 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

लगातार बढ़ोतरी से बढ़ी महंगाई की चिंता

गौरतलब है कि इस नई बढ़ोतरी से ठीक तीन दिन पहले ही पेट्रोल और डीजल के दामों में करीब तीन रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की गई थी। लगातार दो बार हुई इस बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है।विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता और भू-राजनीतिक तनाव इसका प्रमुख कारण है। आने वाले दिनों में यदि स्थिति नहीं सुधरी तो ईंधन की कीमतों में और बदलाव देखने को मिल सकता है।

आम जनता पर बढ़ा आर्थिक बोझ

लगातार बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दामों का असर परिवहन, वस्तुओं की ढुलाई और रोजमर्रा की जरूरतों पर भी पड़ता है। इससे महंगाई दर में और इजाफा होने की आशंका जताई जा रही है।सरकार और तेल कंपनियों की ओर से फिलहाल इस बढ़ोतरी को अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है, जबकि आम उपभोक्ता इसे बड़ी आर्थिक चुनौती के रूप में देख रहे हैं।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

2 Responses