सुपौल,अंग भारत। सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, सुपौल परिसर में रविवार को स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक सेवा और खेल प्रतिभा का सुंदर संगम देखने को मिला। लायंस क्लब, सुपौल के सहयोग से विद्यालय परिसर में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर के साथ प्रथम जिला कराटे चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया गया। दोनों कार्यक्रमों की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई। मौके पर विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक, विद्यार्थी, सामाजिक कार्यकर्ता और खेल प्रतिभाएं मौजूद रहीं।
अतिथियों का किया गया स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के प्रशासक एवं प्राचार्य ने अतिथियों और गणमान्य लोगों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। प्राचार्य सर्वेश कुमार तिवारी ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों, अभिभावकों, नेत्र जांच कराने वाले लोगों और कराटे प्रतिभागियों का स्वागत किया।लायंस क्लब के अध्यक्ष डॉ. विकास कुमार और सचिव डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा ने क्लब की ओर से किए जा रहे सामाजिक कार्यों और जनसेवा के उद्देश्यों की जानकारी दी। लायंस क्लब की सदस्य ललिता जायसवाल और धर्मेंद्र कुमार सिंह उर्फ पप्पू ने कहा कि समाज में स्वास्थ्य और जागरूकता से जुड़े इस तरह के कार्यक्रम लगातार होते रहने चाहिए। उन्होंने आयोजन में विद्यालय की ओर से मिले सहयोग की भी सराहना की।
करीब 100 लोगों की हुई आंखों की जांच
निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में करीब 100 विद्यार्थियों और अभिभावकों की आंखों की जांच की गई। प्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा और डॉ. आर.के. विश्वास ने लोगों की आंखों की जांच कर उन्हें जरूरी चिकित्सकीय सलाह दी। जरूरत के अनुसार दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।चिकित्सकों ने लोगों को आंखों की नियमित जांच कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समय पर जांच कराने से आंखों से जुड़ी कई समस्याओं का शुरुआती स्तर पर ही पता लगाया जा सकता है। लोगों से नेत्र स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही नहीं बरतने की अपील भी की गई।शिविर के आयोजन में लायंस क्लब के अध्यक्ष डॉ. विकास कुमार, सचिव डॉ. प्रदीप शर्मा, उपसचिव रौशन आनंद और संयोजक धर्मेंद्र कुमार सिंह उर्फ पप्पू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कराटे चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
इसी परिसर में प्रथम जिला कराटे चैंपियनशिप-2026 का भी आयोजन किया गया। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने विभिन्न मुकाबलों में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।कराटे प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उनके प्रदर्शन ने वहां मौजूद अभिभावकों और दर्शकों का भी उत्साह बढ़ाया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से जिले के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
खिलाड़ियों को मिला बेहतर मंच
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में साइको शिहान शिव के. पंचाल (7th Dan), चीफ इंस्ट्रक्टर-ISKA, सेंसेई अनिल कुमार, जनरल सेक्रेटरी, डिस्ट्रिक्ट कराटे एसोसिएशन ऑफ सुपौल एवं सदस्य ISKF शोटोकान इंटरनेशनल ब्लैक बेल्ट तथा सेंसेई दिलीप कुमार यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा।आयोजकों ने बताया कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से प्रतियोगिता को बेहतर तरीके से आयोजित किया जा सका। प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले में कराटे को बढ़ावा देना और प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे आने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
स्वास्थ्य और खेल दोनों का दिया संदेश
कार्यक्रम में लायंस क्लब के सदस्य तपेश्वर मिश्र, अधिवक्ता अनुनय ठाकुर, राजेश कुमार मोहनका, अजय कुमार, श्रवण कुमार मोहनका, चंदन कुमार और विजय कुमार झा समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। श्रीमती नम्रता पांडेय की भी विशेष उपस्थिति रही।विद्यालय की ओर से प्राचार्य सर्वेश कुमार तिवारी और एडमिनिस्ट्रेटर विश्वास चंद्र मिश्रा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग किया। कार्यक्रम का संचालन सुश्री निशा और सुश्री स्नेहा ने किया।एक ही परिसर में आयोजित दोनों कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि बच्चों और युवाओं के विकास के लिए पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य, खेल, अनुशासन और सामाजिक सेवा भी जरूरी है। जहां नेत्र जांच शिविर के जरिए स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और सेवा का संदेश दिया गया, वहीं कराटे चैंपियनशिप ने जिले के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया।







