दिनदहाड़े गोलीबारी से इलाके में दहशत
सुपौल,अंग भारत। जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत थरबिटिया पूरब पुनर्वास में बुधवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान शिवपुरी पंचायत वार्ड संख्या-6 निवासी अधिवक्ता दिनेश यादव के 22 वर्षीय पुत्र बलवंत कुमार यादव के रूप में हुई है।
Read more………..ललितग्राम रेलवे वाशिंग पिट से खुलेंगे नई ट्रेनों के संचालन के रास्ते
हाथ में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किशनपुर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया।अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर स्मिता मदेशिया ने बताया कि युवक के हाथ में गोली फंसी होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि एक्स-रे जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
घर पहुंचकर बदमाशों ने की फायरिंग
घायल बलवंत कुमार यादव ने बताया कि बुधवार दोपहर उसके घर पर चार से पांच युवक पहुंचे और अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली उसके दाहिने हाथ की बांह में जा लगी। बलवंत ने आरोप लगाया कि गोली चलाने वाले युवक झखराही और अंदौली गांव के रहने वाले हैं।
स्मैक पीने से मना करने पर बढ़ा विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ युवक इलाके में स्मैक पी रहे थे। बलवंत कुमार ने उन्हें नशा करने से मना किया था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और बदमाशों ने गोली चला दी।गोली लगते ही युवक दर्द से तड़पने लगा। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल कायम हो गया। आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तुरंत घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही किशनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।












One Response