भारी बारिश और बिजली गिरने से कई इलाकों में नुकसान
उत्तर प्रदेश,अंग भारत| उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही तेज बारिश अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। कई जिलों से आकाशीय बिजली गिरने, जनहानि, पशुहानि और संपत्ति के नुकसान की खबरें सामने आ रही हैं। हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे मामले का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को बिना देरी किए राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।मुख्यमंत्री ने बारिश और बिजली गिरने से जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।
24 घंटे के भीतर मुआवजा देने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से साफ कहा है कि जिन परिवारों को भारी बारिश, आकाशीय बिजली या अन्य प्राकृतिक कारणों से नुकसान हुआ है, उनका तुरंत आकलन किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान से प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर सरकारी सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।उन्होंने यह भी कहा कि वरिष्ठ अधिकारी खुद फील्ड में जाकर हालात का जायजा लें और प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद करें। किसी भी जरूरतमंद को राहत पहुंचाने में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि बारिश से प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य पूरी तेजी से चलाया जाए। जहां जलभराव या अन्य समस्याएं हैं, वहां तत्काल कार्रवाई की जाए ताकि लोगों को ज्यादा परेशानी का सामना न करना पड़े।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर जिले में स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखी जाए।
46 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए उत्तर प्रदेश के 46 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत आसपास के इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने और जलभराव जैसी स्थिति बनने की आशंका है।
इन जिलों में येलो अलर्ट, सतर्क रहने की सलाह
इसके अलावा आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा और औरैया सहित कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग ने इन इलाकों के लोगों को सतर्क रहने, बेवजह घर से बाहर न निकलने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
प्रशासन अलर्ट, लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील
राज्य सरकार ने सभी जिलों के प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। राहत दलों को तैयार रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके। वहीं लोगों से भी अपील की गई है कि तेज बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें।मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में प्रशासन और आम लोगों दोनों को सतर्क रहने की जरूरत है, ताकि किसी भी तरह के नुकसान को कम किया जा सके।










