नई दिल्ली,अंग भारत। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के स्थापना दिवस पर शनिवार को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत देश के शीर्ष नेताओं ने हिमवीरों को बधाई दी।उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा – “हमारे बहादुर हिमवीर साहस, अनुशासन और अटूट प्रतिबद्धता की मिसाल हैं, जो सबसे कठिन इलाकों और बेहद चुनौतीपूर्ण मौसम में देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। सीमाओं की सुरक्षा, आपदाओं में राहत और मानवीय सहायता में उनकी भूमिका निस्वार्थ सेवा का प्रमाण है। राष्ट्र उनके शौर्य और बलिदान को नमन करता है।
“पीएम मोदी ने कहा – अद्भुत दृढ़ संकल्प के साथ हर चुनौती का सामना किया -: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ITBP के हिमवीरों ने अपने असाधारण साहस से खुद को साबित किया है। उन्होंने हमेशा अद्भुत दृढ़ संकल्प के साथ हर चुनौती का सामना किया है। उनकी निस्वार्थ सेवा और बलिदान देश के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत है।
राजनाथ सिंह बोले – कठिन मौसम में भी सीमाओं की सुरक्षा -: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ITBP ने अत्यंत कठिन जलवायु में भारत की सीमाओं की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाई है। साथ ही वामपंथी उग्रवाद से निपटने समेत आंतरिक सुरक्षा अभियानों में भी बड़ा योगदान दिया है। उनका साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण राष्ट्र सेवा की सर्वोत्तम परंपरा है।लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि हिमालय के दुर्गम क्षेत्रों में सीमा की रक्षा से लेकर हर चुनौती में ITBP के जवानों ने अदम्य साहस और समर्पण की मिसाल पेश की है।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि “उनके शौर्य की गूंज बर्फ से ढके पहाड़ों में सुनाई देती है, जो देश की सुरक्षा के लिए खड़े हर खतरे को धूल में मिला देती है। सबसे कठिन मौसम में भी डटे रहने का उनका जज्बा भारत के दृढ़ संकल्प का प्रतीक है।” उन्होंने शहीदों को भी नमन किया।केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी हिमवीरों के साहस, अनुशासन और बलिदान को हर भारतीय के लिए गर्व का विषय बताया।







