डिब्रूगढ़ (असम),अंग भारत। असम विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर राज्यभर में चुनावी सरगर्मी चरम पर पहुंच चुकी है। आगामी 9 अप्रैल को होने वाले मतदान के मद्देनजर सत्तारूढ़ दल और विपक्ष दोनों ही अपनी-अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इसी क्रम में भाजपा के शीर्ष नेताओं का लगातार दौरा जारी है और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आज दो महत्वपूर्ण जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
डिब्रूगढ़ पहुंचकर मनोहारी रिजॉर्ट में ठहरे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मंगलवार रात डिब्रूगढ़ पहुंचे, जहां उनका आगमन मोहनबाड़ी हवाई अड्डे पर रात करीब 8:40 बजे हुआ। स्वागत के बाद वे कड़े सुरक्षा घेरे में मनोहारी रिजॉर्ट के लिए रवाना हुए और रात वहीं विश्राम किया।
Read more……जन आशीर्वाद यात्रा पर सीएम सरमा, विकास पर जोर
गोगामुख में पहली जनसभा, कई सीटों पर फोकस
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री सुबह 10:15 बजे हेलीकॉप्टर से धेमाजी जिले के गोगामुख के लिए रवाना होंगे। यहां सुबह 11 बजे आयोजित जनसभा में वे धेमाजी और लखीमपुर जिलों के भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करेंगे। इस दौरान डॉ. रनोज पेगू और नव कुमार दलै के पक्ष में जनता से समर्थन की अपील करेंगे।
बिश्वनाथ में दूसरी रैली, तीन विधानसभा सीटों पर नजर
गोगामुख में सभा के बाद प्रधानमंत्री बिश्वनाथ जिले के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां दोपहर एक बजे दूसरी जनसभा आयोजित होगी। इस सभा में वे बिश्वनाथ, बिहाली और गहपुर विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा उम्मीदवारों—रंजीत दत्त, पल्लवलोचन दास और उत्पल बोरा—के समर्थन में प्रचार करेंगे।
70 हजार लोगों के जुटने की संभावना, तैयारियां पूरी
बिहाली के कूलागुरी मैदान में आयोजित होने वाली इस रैली के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। स्थानीय विधायक दिगंत घाटवाल के अनुसार कार्यक्रम में करीब 70 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। मंच, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन सतर्क है।
कड़ी सुरक्षा के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर पूरे बिश्वनाथ जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस और प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।राज्य में पहले से जारी केंद्रीय नेताओं के दौरे के बीच प्रधानमंत्री की इन जनसभाओं को चुनावी दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे भाजपा को चुनाव में बढ़त बनाने में मदद मिल सकती है और मतदाताओं पर सीधा प्रभाव पड़ेगा।










One Response