पटना,अंग भारत। बिहार की प्रमुख राजनीतिक पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा कर दी है। पार्टी अध्यक्ष नीतीश कुमार के नेतृत्व में संगठन में व्यापक बदलाव किए गए हैं, जिन्हें आगामी चुनावों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
Read more………..सेफ्टी टैंक हादसा: भागलपुर में दम घुटने से 3 मजदूरों की मौत
संजय झा को फिर मिली बड़ी जिम्मेदारी
नई टीम में संजय झा को एक बार फिर राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, जहानाबाद के पूर्व सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गोपालगंज से सांसद आलोक कुमार सुमन को पार्टी का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
महासचिव और सचिव पदों पर कई नए चेहरे
संगठन विस्तार के तहत इस बार 12 नेताओं को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। इनमें मनीष कुमार वर्मा, आफाक अहमद खान, श्याम रजक, अशोक चौधरी, रोशन सिंह कुशवाहा, राम सेवक सिंह, कविता देवी, कपिल हंसदेव पटेल, राज सिंह मान, सुनील कुमार उर्फ इंजीनियर सुनील, हर्षवर्धन सिंह और मौलाना गुलाम रसूल बलियावी शामिल हैं।
इसके अलावा 8 नेताओं को सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। राजीव रंजन प्रसाद को प्रवक्ता सह सचिव बनाया गया है। अन्य सचिवों में रवींद्र प्रसाद सिंह, विद्या सागर निषाद, दयानंद राय, संजय कुमार, मोहम्मद निसार, रूबी नागवंश और निवेदिता कुमारी को जगह मिली है।
चुनाव से पहले संगठन मजबूत करने की कोशिश
पार्टी का मानना है कि इस नए संगठनात्मक ढांचे से जमीनी स्तर पर पकड़ मजबूत होगी और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी। यह बदलाव खास तौर पर चुनावी तैयारियों को ध्यान में रखकर किया गया है।
निशांत कुमार भी दिख रहे सक्रिय
इधर, निशांत कुमार भी पार्टी गतिविधियों में लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। वे पार्टी कार्यालय में बैठकों के साथ कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। जानकारी के अनुसार, वे अगले महीने बिहार दौरे पर भी निकल सकते हैं, जिससे जनसंपर्क अभियान को और गति मिलने की उम्मीद है।









