Founder – Mohan Milan

असम चुनाव में रिकॉर्ड मतदान, 4 मई को होगी मतगणना

गुवाहाटी,अंग भारत। असम में इस बार का विधानसभा चुनाव कई मायनों में खास रहा है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल ने बुधवार को जनता भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए कहा कि इस बार का मतदान पिछले 30 से 35 वर्षों में सबसे अधिक रहा है, जिससे यह चुनाव ऐतिहासिक बन गया है। उन्होंने मतगणना की तैयारियों को लेकर भी विस्तृत जानकारी साझा की।

Read more…………..गुवाहाटी हादसा: 19 हजार की शराब पार्टी के बाद भीषण दुर्घटना

4 मई को होगी मतगणना

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए डाले गए मतों की गिनती 4 मई को की जाएगी। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि मतगणना के बाद किसी भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार को विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

722 उम्मीदवार मैदान में, 2.5 करोड़ मतदाता

उन्होंने बताया कि इस चुनाव में कुल 722 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें 663 पुरुष और 59 महिलाएं शामिल हैं। राज्य के 2.5 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने इन उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला किया है। चुनाव के लिए कुल 31,486 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जहां वेबकास्टिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई थी।

सुरक्षा और कर्मियों की व्यापक तैनाती

चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए 1,51,132 मतदानकर्मियों की तैनाती की गई थी। इसके अलावा पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया था। प्रशासन ने पूरे चुनाव के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे।

नामांकन से लेकर अंतिम सूची तक

जानकारी के अनुसार, शुरुआत में 815 उम्मीदवारों ने 126 विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 1,389 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। जांच के बाद 789 उम्मीदवार योग्य पाए गए, जबकि 67 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए। इसके बाद अंतिम रूप से 722 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए।

मतदाताओं का विस्तृत आंकड़ा

राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 2,50,54,463 है, जिसमें 1,25,31,552 पुरुष, 1,25,22,593 महिलाएं और 318 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 63,423 सेवा मतदाता भी हैं। युवा मतदाताओं की संख्या 6,42,314 बताई गई है, जबकि 2,05,085 दिव्यांग मतदाता भी इस चुनाव प्रक्रिया का हिस्सा बने।

सीटों और क्षेत्रों की स्थिति

असम में कुल 126 विधानसभा सीटें हैं, जिनमें 98 सामान्य, 9 अनुसूचित जाति और 19 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। दलगांव विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 3,17,110 मतदाता हैं, जबकि अमेरी में सबसे कम 1,00,494 मतदाता दर्ज किए गए हैं।उम्मीदवारों की संख्या की बात करें तो अलगापुर-काटलीचेरा और दक्षिण करीमगंज सीटों पर सबसे अधिक 15-15 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं रंगिया, जागीरोड (एससी), होजाई, नदुआ, जोनाई (एसटी), दुमदुमा, माहमारा, थावरा और लखीमपुर सहित नौ सीटों पर केवल दो-दो उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने भरोसा जताया कि मतगणना प्रक्रिया भी पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई जाएगी। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 20 मई को समाप्त हो रहा है, ऐसे में 4 मई को आने वाले नतीजे नई सरकार की दिशा तय करेंगे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts