Founder – Mohan Milan

बंगाल चुनाव 2026: भाजपा 200 पार, टीएमसी पिछड़ी

कोलकाता,अंग भारत। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों ने राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर संकेत दिया है। सोमवार रात करीब 9:30 बजे तक आए रुझानों और नतीजों के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) स्पष्ट बहुमत से आगे निकलती दिखाई दी। पार्टी ने 176 सीटों पर जीत दर्ज कर ली थी, जबकि 32 सीटों पर उसके उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए थे। इस तरह बढ़त वाली सीटों को जोड़कर भाजपा 200 के आंकड़े को पार करती नजर आई।दूसरी ओर, सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) अपेक्षा से काफी पीछे दिखी। पार्टी को अब तक 61 सीटों पर जीत मिली, जबकि 18 सीटों पर बढ़त हासिल थी। अन्य दलों में कांग्रेस और आम जनता उन्नयन पार्टी को दो-दो सीटें मिलीं, जबकि ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट और माकपा को एक-एक सीट पर संतोष करना पड़ा।

Read more…………..भवानीपुर में शुभेंदु आगे, ममता पीछे शुरुआती झटका

भवानीपुर सीट पर घमासान, ममता पर हार का खतरा

कोलकाता की हाई-प्रोफाइल भवानीपुर सीट पर मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। शुरुआती दौर में पिछड़ने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बढ़त बनाई, लेकिन 19वें राउंड की मतगणना के बाद भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी 15,001 वोटों से आगे निकल गए। अंतिम चरण की गिनती बाकी रहने के चलते ममता बनर्जी की हार की संभावना प्रबल मानी जाने लगी।

टीएमसी के दिग्गजों को झटका, कई मंत्री पीछे

चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के कई बड़े चेहरे अपनी सीट नहीं बचा सके। ममता सरकार के मंत्री रहे मलय घटक, शशि पांजा, उदयन गुहा, परेश चंद्र अधिकारी, सुजीत बसु, बीरवाहा हांसदा और इंद्रनील सेन जैसे नेताओं को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। कांग्रेस और वाम दलों के कई प्रमुख नेता भी चुनावी दौड़ में पिछड़ते नजर आए।

भाजपा नेताओं की जीत, संगठन की ताकत दिखी

भाजपा के लिए यह चुनाव कई बड़े नेताओं की सफलता लेकर आया। पूर्व केंद्रीय मंत्री निशिथ प्रमाणिक, रूपा गांगुली, दिलीप घोष, स्वप्न दासगुप्ता, अर्जुन सिंह, तापस राय और अग्निमित्रा पाल जैसे नेताओं ने जीत हासिल की। संदेशखाली आंदोलन से चर्चा में आई रेखा पात्रा ने भी शानदार प्रदर्शन किया। शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट पर जीत दर्ज की और भवानीपुर में भी निर्णायक बढ़त बनाई।

औद्योगिक क्षेत्र और जंगलमहल में भाजपा का दबदबा

पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल-दुर्गापुर औद्योगिक क्षेत्र की सभी नौ सीटों पर भाजपा ने बढ़त बनाकर बड़ा संदेश दिया। वहीं जंगलमहल क्षेत्र—जिसमें पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा, पुरुलिया और झारग्राम शामिल हैं—में भी पार्टी ने मजबूत पकड़ बनाई। आदिवासी बहुल इन क्षेत्रों में भाजपा का प्रदर्शन बदलाव की ओर इशारा करता दिखा।

उत्तर बंगाल में भी भाजपा की मजबूत पकड़

उत्तर बंगाल के मालदा, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार जिलों में भाजपा ने उल्लेखनीय बढ़त बनाई। इन जिलों की अधिकांश सीटों पर पार्टी के उम्मीदवार आगे रहे, जिससे क्षेत्र में उसकी स्थिति और मजबूत हुई।

ममता बनर्जी के आरोप, मतगणना पर उठाए सवाल

इस बीच ममता बनर्जी ने मतगणना प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से काउंटिंग सेंटर पर डटे रहने की अपील की और आरोप लगाया कि जहां भाजपा आगे है, वहां की जानकारी तेजी से दी जा रही है, जबकि अन्य सीटों पर पारदर्शिता नहीं बरती जा रही। भवानीपुर मतगणना केंद्र से लौटने के बाद उन्होंने अपने साथ बदसलूकी और धक्का-मुक्की के भी गंभीर आरोप लगाए।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

One Response